पटना। पिछले एक महीने से बिहार से दूरी बनाए हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को बिहार पहुंचेंगे। बुधवार को वे राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव के साथ दो रैलियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में चुनावी रैलियों की शुरुआत कर चुके हैं। छठ के चार दिन के त्योहार की वजह से भाजपा नेताओं की रैलियां स्थगित रही हैं। माना जा रहा है कि मंगलवार को छठ महापर्व संपन्न होने के बाद प्रचार में तेजी आएगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी चुनाव प्रचार में उतरेंगी। वे सबसे पहले बछवाड़ा सीट पर प्रचार करने जाएंगी, जहां कांग्रेस और महागठबंधन में शामिल सीपीआई दोनों चुनाव लड़ रहे हैँ। राहुल गांधी बुधवार, 29 अक्टूबर को तेजस्वी यादव के साथ मुजफ्फरपुर और दरभंगा में रैली करेंगे। इस बीच खबर है कि बिहार चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन का घोषणापत्र तैयार हो गया है। पटना में मंगलवार, 28 अक्टूबर की शाम को इसे जारी किया जाएगा। हालांकि इस मौके पर राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे।
दूसरी ओर एनडीए के मुख्यमंत्री पद के दावेदार को लेकर बयानबाजी जारी है। एक एक करके भाजपा नेता कहने लगे हैं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक इंटरव्यू में कहा कि चुनाव बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं। गौरतलब है कि 18वीं बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान होंगे और 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



