गुवाहाटी। एक तरफ पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर हमला किया तो दूसरी ओर असम के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग को निशाना बनाया। ममता ने कहा कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में जो किया वही काम अब बिहार में कर रही है। उन्होंने आय़ोग पर भाजपा की दलाली करने का आरोप लगाया तो राहुल गांधी ने भी कहा कि चुनाव आयोग महाराष्ट्र की तरह बिहार का चुनाव भी चोरी करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग के साथ साथ भाजपा पर भी हमला किया।
राहुल गांधी ने असम के चायगांव में कांग्रेस पार्टी की एक बैठक में भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले महाराष्ट्र में चुनाव हुआ, जहां भाजपा ने जबरदस्त तरीके से चुनाव में चीटिंग की। राहुल ने कहा कि, ‘लोकसभा और विधानसभा में एक करोड़ नए वोटर बने। चार महीने के अंदर पता नहीं कहां से एक करोड़ नए वोटर आ गए। हमने चुनाव आयोग से कहा कि ये कौन लोग हैं, हमें वोटर लिस्ट दिखाइए। इलेक्शन कमीशन ने आज तक नहीं दिखाई। हमने चुनाव आयोग से वीडियोग्राफी दिखाने को कहा, इसके लिए भी मना कर दिया’।
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में बेईमानी के आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा, ‘लोकसभा में चुनाव हमारा गठबंधन जीतता है। चार महीने में एक करोड़ नए वोटर आते हैं, हम हारते हैं। उन्होंने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि, ‘महाराष्ट्र का चुनाव बीजेपी और चुनाव आयोग ने चोरी किया है। मैं स्टेज से कह रहा हूं कि अब वही काम बिहार में करने की कोशिश की जा रही है’।
बिहार में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर राहुल ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘चुनाव आयोग ने बिहार में नई वोटर लिस्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। उस वोटर लिस्ट से लाखों करोड़ों लोगों को हटा रहे हैं। गरीबों, मजदूरों, किसानों को.. कांग्रेस और आरजेडी के वोटरों को हटा रहे हैं। जो काम इन्होंने महाराष्ट्र में किया, जो यह बिहार में करने की कोशिश कर रहे हैं, वही हथकंडे असम में भी अपनाएंगे. हमें सावधान रहना होगा’।