नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन यानी आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की वापसी की यात्रा शुरू हो गई है। वे मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे धरती पर वापस लौटेंगे। शुभांशु शुक्ला अपने साथ गए बाकी तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ सोमवार, 14 जुलाई को शाम पौने पांच बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से पृथ्वी के लिए रवाना हुए। करीब 23 घंटे के सफर के बाद उनका ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट 15 जुलाई दोपहर करीब तीन बजे समुद्र में उतरेगा।
बताया गया है कि यह स्पेसक्राफ्ट 263 किलो से ज्यादा कार्गो के साथ वापस आएगा। इसमें नासा का हार्डवेयर और 60 से ज्यादा प्रयोगों का डाटा भी शामिल है। गौरतलब है कि चारों अंतरिक्ष यात्री 26 जून को भारतीय समय के अनुसार शाम चार बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पहुंचे थे। एक्सिओम मिशन 4 के तहत 25 जून को दोपहर करीब 12 बजे चारों अंतरिक्ष यात्री रवाना हुए थे।
इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से जुड़े ड्रैगन कैप्सूल में इन्होंने कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी। ये मिशन तकनीकी खराबी और मौसमी दिक्कतों के कारण छह बार टाला गया था। बहरहाल, वापसी की यात्री के लिए 14 जुलाई को दोपहर करीब सवा दो बजे क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में पहुंचा। शाम पौने पांच बजे स्पेसक्राफ्ट आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल से अनडॉक हुआ। यह 15 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे कैलिफोर्निया के तट पर समुद्र में उतरेगा। शुभांशु ने मिशन के दौरान 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लिया। इनमें भारत के सात प्रयोग शामिल थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


