नई दिल्ली। अमेरिका और फ्रांस ने रूस के खिलाफ तीखे बयान दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर नाराजगी जताई है और यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल देने का ऐलान किया है। दूसर ओर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस को पूरे यूरोप के लिए खतरा बताया है। उन्होंने फ्रांस के रक्षा बजट में बढ़ोतरी का भी ऐलान किया है। गौरतलब है कि नाटो की पिछली बैठक में इस पर सहमति बनी थी कि नाटो के देश अपने रक्षा बजट में बढ़ोतरी करेंगे।
बहरहाल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नाराजगी जताते हुए रविवार को कहा, ‘पुतिन दिन में मीठा बोलते हैं और रात में सब पर बम बरसाते हैं। हमें यह पसंद नहीं’। ट्रंप ने ऐलान किया कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम देगा। इसके लिए ट्रंप इस सप्ताह नाटो महासचिव मार्क रुटे से मुलाकात करेंगे। ट्रंप ने रविवार रात कहा, ‘मैं नाटो महासचिव से मुलाकात कर रहा हूं। हम उन्हें उन्नत हथियार देंगे, और वे इसके लिए हमें सौ फीसदी भुगतान करेंगे’।
इधर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस से एक दिन पहले फ्रांसीसी सैनिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद पहली बार आजादी इतने खतरे में है। मैक्रों ने रूस, यूक्रेन वॉर और साइबर क्राइम को यूरोप के लिए मुख्य खतरा बताते हुए कहा कि इस दुनिया में आजाद रहने के लिए डर पैदा करना जरूरी है, और डर पैदा करने के लिए ताकतवर होना जरूरी है।
मैक्रों ने 2026 के लिए फ्रांस के रक्षा बजट में 3.5 अरब यूरो यानी करीब 35 हजार करोड़ रुपए और 2027 में तीन अरब यूरो यानी करीब 27 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मैक्रों के इस प्रस्ताव को फ्रांस की संसद की मंजूरी लेनी होगी। गौरतलब है कि 2017 में फ्रांस का रक्षा बजट 32 अरब यूरो था। मैक्रों ने इसे 2027 तक इसे दोगुना करके 64 अरब यूरो करने का लक्ष्य रखा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


