nayaindia Chhattisgarh and Rajasthan cabinet छत्तीसगढ़, राजस्थान के कैबिनेट पर दिल्ली में माथापच्ची

छत्तीसगढ़, राजस्थान के कैबिनेट पर दिल्ली में माथापच्ची

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ और राजस्थान दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे हैं। दोनों राज्यों में कैबिनेट के गठन को लेकर दिल्ली में माथापच्ची हो रही है। दिल्ली से मंजूरी के बाद ही दोनों राज्यों में मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। बताया जा रहा है कि दोनों राज्यों में मंत्रियों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन के साथ साथ जातीय संतुलन का भी ध्यान रखना है और महिलाओं को भी जगह देनी है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व नहीं चाहता है कि लोकसभ चुनाव से पहले किसी तरह का विवाद खड़ा हो।

बहरहाल, बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में अनुभवी और युवा के साथ-साथ दो महिला मंत्री भी हो सकती हैं। विष्णुदेव साय रविवार को दोनों उप मुख्यमंत्रियों, अरुण साव और विजय शर्मा को लेकर दिल्ली पहुंचे। भाजपा के नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय नेतृत्व से अनुमोदन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। मुख्यमंत्री साय की दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर लगेगी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कैबिनेट गठन की तैयारियां कर रहे हैं। इसके लिए वे रविवार को दिल्ली पहुंचे। उनके साथ राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री, प्रेमचंद बैरवा और दीया सिंह भी दिल्ली में हैं। तीनों नेताओं ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिल कर तीनों नेता मंत्रिमंडल गठन के बारे में चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दो दिन के वाराणसी दौरे पर हैं। उनके लौटने के बाद ही कैबिनेट गठन पर अंतिम मुहर लगेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें