नई दिल्ली। कोरोना वायरस से मिलते जुलते लक्षण वाले ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस यानी एचएमपीवी के गुरुवार को दो और नए केस मिले हैं। इससे भारत में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 11 हो गई है। हालांकि इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। बहरहाल, गुरुवार को पहला मामला उत्तर प्रदेश में मिला, जबकि दूसरा मामला गुजरात के हिम्मतनगर का है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 60 साल की महिला एचएमपीवी वायरस से संक्रमित पाई गई है। बलरामपुर अस्पताल ने इसकी पुष्टि की। वहीं, गुजरात के हिम्मतनगर में सात साल के एक बच्चे की एचएमपीवी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। हालांकि, यह रिपोर्ट प्राइवेट अस्पताल की लैब की है। इस तरह देश में वायरस से जुड़े कुल 11 मामले हो गए हैं। महाराष्ट्र में तीन, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु में दो दो और पश्चिम बंगाल व उत्तर प्रदेश में एक एक केस सामने आए हैं।
एचएमपीवी वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद राज्यों ने सतर्कता बढ़ा दी है। पंजाब में बुजुर्गों और बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है। गुजरात में अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए जा रहे हैं। हरियाणा में भी स्वास्थ्य विभाग को ऐसे मामलों पर निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने भी राज्यों को निर्देश दिया है कि वे इस किस्म के केसेज पर नजर रखें और लोगों को जागरूक करें। गौरतलब है कि इस संक्रमण का ज्यादा शिकार बच्चे हो रहे हैं। कोरोना की तरह ही इसके चीन से फैलने की खबर है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

