तेल अवीव। इजराइल और हमास जंग के बीच कई दिनों से चल रहे युद्धविराम के करार पर इजराइली संसद ने मुहर लगा दी है। ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ के मुताबिक, संसद ने 50 बंधकों की रिहाई के बदले चार दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इजराइली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि जिन बंधकों को छोड़ा जाएगा, उनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे होंगे। इन्हें हर दिन 12-13 बंधकों के ग्रुप में आजाद किया जाएगा। हर 10 बंधकों के ग्रुप की रिहाई के बदले इजराइल एक दिन का युद्धविराम करेगा।
इजराइली मीडिया के मुताबिक, जिन बंधकों को हमास छोड़ेगा उनमें 30 बच्चे, 12 महिलाएं और आठ माताएं शामिल हैं। इस बीच ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने बताया है कि इस करार के तहत इजराइल भी डेढ़ सौ फिलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इनमें महिलाओं और बच्चों को ही प्राथमिकता मिलेगी। ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ के मुताबिक, ये करार का सिर्फ पहला चरण होगा, जो करीब चार-पांच दिन तक चलेगा। इसके बाद इजराइल ने अगले 50 बंधकों के बदले डेढ़ सौ अतिरिक्त फिलस्तीनियों को रिहा करने को कहा है।
इजराइल ने तीन सौ फिलस्तीनियों के नाम की एक सूची भी जारी की है, जिन्हें वो रिहा कर सकता है। इनमें ज्यादातर बच्चों और महिलाओं के नाम थे। वहीं, हमास ने अपने बयान में बताया कि समझौते के तहत इजराइल साउथ गाजा के ऊपर छह घंटे के लिए सर्विलांस ड्रोन्स की उड़ानें भी रोकेगा। सुबह 10 से शाम चार बजे तक ये ड्रोन सिर्फ उत्तरी गाजा में ही उड़ सकेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देर रात कैबिनेट मीटिंग की। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल हमास के खिलाफ अपना युद्ध जारी रखेगा, भले ही बंधकों को रिहा करने के लिए हमास के साथ अस्थायी रूप से युद्धविराम लागू हो।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


