राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

घर, संपत्ति सब छीन लेगी कांग्रेस: मोदी

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन देश के लोगों को कांग्रेस का भय दिखाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की सोच माओवादियों और कम्युनिस्टों की तरह है। अगर चुनाव के बाद उसकी सत्ता आ गई तो वह लोगों का घर-बार, संपत्ति, सोना-चांदी सब छीन लेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नजर लोगों की संपत्ति पर है। इससे पहले रविवार को उन्होंने राजस्थान में एक सभा में कहा था कि कांग्रेस की नजर देश की महिलाओं के मंगलसूत्र पर है। वह सारी संपत्ति छीन कर उन लोगों में बांट देगी, जिनके ज्यादा बच्चे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री रहते मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला हक मुसलमानों का है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अलीगढ़ में कहा- पिछली बार जब अलीगढ़ आया था, तब अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की फैक्टरी में अलीगढ़ का ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को आज तक इसकी चाबी नहीं मिल रही। प्रधानमंत्री ने आगे कहा- इंडी गठबंधन की नजर आपकी संपत्ति पर है। नौकरी पेशा वाले लोगों ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए जो एफडी करवाई है, वे लोग उसकी भी जांच कराने की बात कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दल-बदल विरोधी कानून खत्म हो!

मोदी ने कहा- यह आपकी संपत्ति को छीनकर बांटने की बात कर रही है। कांग्रेस यहां तक जाएगी कि आपके गांव में पैतृक घर है, तो यह लोग उसे दो घर बताकर छीन लेंगे। कांग्रेस के लोग कहेंगे कि आपके पास गांव में तो एक घर पहले से ही है। कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा- इनकी यह सोच माओवादियों और कम्युनिस्टों की है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन इसे भारत में लागू करना चाहती है। आपकी संपत्ति पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है। आपका स्त्री धन लूटना चाहती है। माताओं, बहनों का मंगलसूत्र अब सलामत नहीं रहेगा। यही कांग्रेस ने कहा है।

कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा- इन परिवारवादी लोगों ने देश को लूटकर अपना इतना साम्राज्य बना लिया है कि देश को कुछ नहीं दिया है। अब इनकी नजर देश के लोगों की संपत्ति पर है। जनता के धन को लूटना, देश को लूटना ही कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है। अलीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी सतीश गौतम और हाथरस से अनूप वाल्मीकि के समर्थन में सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सभा की। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने राधे राधे से की।

यह भी पढ़ें: प्रकाश अम्बेडकर है तो भाजपा क्यों न जीते!

उन्होंने कहा- कांग्रेस और इंडी गठबंधन के एक और खतरनाक इरादे से आपको अगाह कर रहा हूं। इनकी नजर अब आपकी कमाई पर है। आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है। किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है। किसके पास कितना धन है। किसके पास कितने मकान हैं। उसकी जांच कराएंगे। इतना ही नहीं, वो आगे कहते हैं कि यह जो संपत्ति है उनको सरकार अपने कब्जे में लेकर सभी को बांट देगी। कांग्रेस का भय दिखाते हुए मोदी ने कहा- अब आप लोग सोचिए, हमारी माता-बहनों के पास सोना होता है। वह पवित्र माना जाता है। कानून भी उसकी सुरक्षा करता है। अब इनकी नजर इस पर भी है। माता-बहनों का सोना चुराने के लिए यह सर्वे कराना चाहते हैं।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 1 =

और पढ़ें