nayaindia PM Modi target congress मोदी का कांग्रेस पर और हमला!

मोदी का कांग्रेस पर और हमला!

Narendra Modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के कहे को पकड़ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कहा- कांग्रेस कहती है कि वो माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। वो भी कांग्रेस का पंजा आपसे छीन लेगा। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने पित्रोदा के बयान से अपने को अलग कर लिया है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के घोषणापत्र का हवाला देते हुए कहा था कि कांग्रेस देश के लोगों की संपत्ति छीन कर मुसलमानों में बांट देगी। प्रधानमंत्री मोदी ने के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला किया और कहा-  अमित शाह: सैम पित्रोदा के बयान के बाद कहा- कांग्रेस की असली मंशा सामने आ गई है।

सबसे पहले, कांग्रेस के मेनिफेस्टो में सर्वे का जिक्र, मनमोहन सिंह का पुराना बयान, जिसमें उन्होंने बताया था कि इस देश की संपदा पर माइनॉरिटी का पहला हक है और अब सैम पित्रोदा का बयान, जिसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका की तरह संपत्ति का बंटवारा होना चाहिए।

कांग्रेस पार्टी लोगों की संपत्ति छीन कर बांट देने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों का जवाब देने में परेशान थी और इसी बीच सैम पित्रोदा ने अमेरिका की तरह विरासत टैक्स की चर्चा छेड़ कर कांग्रेस को अलग मुश्किल में डाल दिया है। ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख और सोनिया व राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने अमेरिका का हवाला दिया और कहा है कि वहां किसी के निधन के बाद उसके बच्चों को विरासत में सिर्फ 45 फीसदी संपत्ति मिलती है। बाकी संपत्ति सरकार ले लेती है। उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को निशाना बनाया है और कहा कि कांग्रेस की असली मंशा सामने आ गई।

असल में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा है कि भारत में विरासत टैक्स लगाने पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है तो उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति यानी साढ़े चार करोड़ डॉलर की संपत्ति ही उसके बच्चों को मिलती है, जबकि 55 फीसदी पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है। यह बड़ा ही दिलचस्प कानून है। हालांकि बाद में उन्होंने इस पर सफाई भी दी और कहा कि उनकी बातों को मीडिया ने तोड़ मरोड़ कर पेश किया है।

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सैम पित्रोदा का यह बयान कांग्रेस का बयान नहीं है। उन्होंने साथ ही भाजपा के नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा का एक वीडियो भी ट्विट किया, जिसमें वे अमेरिका के विरासत टैक्स की तरह भारत में भी टैक्स लगाने की बात कर रहे थे। कांग्रेस ने दावा किया है कि भाजपा की केंद्र सरकार 2019 में इस तरह का टैक्स लगाने पर विचार कर रही थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें