नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए चुनाव आयोग का राज्यों का दौरा सोमवार से शुरू हो रहा है। सबसे पहले चुनाव आयोग की टीम दक्षिणी राज्यों के दौरे पर जाएगी। गौरतलब है कि मार्च की शुरुआत में लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है। बहरहाल, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त, अनूप पांडे और अरुण गोयल सभी राज्यों में जाकर राज्य चुनाव आयोग और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और तैयारियों की जायजा लेंगे।
चुनाव आयोग की टीम आठ जनवरी को सबसे पहले आंध्र प्रदेश जाएगी। गौरतलब है कि वहां लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा की 175 सीटों पर चुनाव होने हैं। बताया जा रहा है कि पहले चुनाव आयोग की टीम तमिलनाडु से शुरुआत करने वाली थी। लेकिन अब आंध्र प्रदेश के बाद तमिलनाडु का दौरा होगा। आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 और तमिलनाडु में 39 सीटें हैं। बताया जा रहा है जिन राज्यों में पिछले साल चुनाव हुए हैं वहां चुनाव आयोग की टीम का दौरा नहीं होगा।
बहरहाल, लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में उप चुनाव आयुक्तों और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम पहले ही लगभग सभी राज्यों का दौरा कर चुकी है। चुनाव आयोग ने राज्यों के चुनाव अधिकारियों को 10 मार्च तक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके बाद दिल्ली में सभी राज्यों के चुनाव पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। इस साल अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होंगे। गौरतलब है कि 2019 में 10 मार्च को लोकसभा चुनाव का ऐलान हुआ था और 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में मतदान हुए थे। वोटों की गिनती 23 मई को की गई थी। लोकसभा चुनाव के साथ ही आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में भी विधानसभा चुनाव हुए थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


