नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार, 19 जून को युद्धविराम समझौते पर दस्तखत होने वाला है लेकिन उससे ठीक पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर संदेह पैदा कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि डील अभी फाइनल नहीं है। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान अगर समझौते की शर्तों का पूरी तरह से पालन नहीं करता है तो अमेरिका फिर बम गिराएगा। ट्रंप ने फ्रांस के एवियन शहर में हो रही जी 7 की बैठक से इतर यह बात कही।
जी 7 की बैठक से इतर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी के साथ दोपक्षीय मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच फिलहाल सिर्फ समझौता ज्ञापन पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि अभी कई बातें तय होनी बाकी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान समझौते की शर्तों का पालन नहीं करता, तो अमेरिका फिर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘अगर उन्होंने ठीक से व्यवहार नहीं किया, तो हम फिर बम बरसाएंगे’।
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ समझौते से बाजारों में भरोसा बढ़ा है और इसका असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि होर्मुज की खाड़ी अगले एक से दो दिन में पूरी तरह खुल जाएगी। उन्होंने दावा किया कि समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही धीरे धीरे सामान्य हो रही है।
दूसरी ओर अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का पूरी दुनिया ने स्वागत किया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बातचीत में इस समझौते का समर्थन किया और कहा कि इजराइल सहित सभी पक्षों को इसका पालन करना चाहिए। पोप लियो ने भी शुक्रवार को होने वाले शांति समझौते का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे मध्य पूर्व में भरोसा, सुरक्षा और स्थिरता मजबूत होगी।


