नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर गतिरोध बन गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा है, ‘मैंने ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता’।
इससे पहले ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया था कि रविवार को ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को अपना नया प्रस्ताव भेजा। बताया जा रहा है कि ईरान ने अपने प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने, फारस की खाड़ी और होर्मुज की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंध हटाने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही थी।
अमेरिका ने भी पिछले हफ्ते ईरान को 14 सूत्री प्रस्ताव भेजा था। इसमें उसने कहा था कि ईरान को कम से कम 12 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा और अपने पास मौजूद करीब 440 किलो 60 फीसदी संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपना होगा। इसके बदले अमेरिका प्रतिबंधों में ढील देगा, ईरान की फ्रीज की गईं अरबों डॉलर की संपत्तियां छोड़ेगा, साथ ही ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाएगा। हालांकि ईरान इसके लिए तैयार नहीं है। वह परमाणु मामले पर अभी बात नहीं करना चाहता है। गौरतलब है कि दोनों देशों ने आठ अप्रैल से लागू सीजफायर खत्म होने की घोषणा नहीं की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



