नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज की खाड़ी को फिर से खोलने के लिए नए प्लान के तहत एक समुद्री गठबंधन बनाने की संभावना जताई है। उनकी योजना के मुताबिक अमेरिका एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री गठबंधन यानी मैरीटाइम अलायंस बनाने पर विचार कर रहा है। इस योजना का मकसद उन जहाजों को सुरक्षित रास्ता देना है, जो तेल और गैस लेकर इस अहम समुद्री रास्ते से गुजरते हैं। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बाद से इस इलाके में जहाजों की आवाजाही काफी कम हो गई है।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रस्तावित इस गठबंधन में कई देशों को शामिल करने की कोशिश की जाएगी। ये देश मिलकर समुद्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जहाजों की निगरानी करेंगे और जरूरी जानकारी आपस में साझा करेंगे। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि अमेरिका की समुद्री नाकाबंदी कामयाब नहीं होगी। ईरान के बंदरगाहों को रोकने की कोई भी कोशिश आखिर में फेल ही होगी।
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने अमेरिकी नाकाबंद पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इस तरह की नाकाबंदी अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और इससे दुनिया की शांति पर भी असर पड़ता है। नेशनल पर्शियन गल्फ डे के मौके पर पेजेशकियान ने यह बात कही। इस इलाके से पुर्तगाल को हटाने की याद में यह दिन मनाया जाता है। बहरहाल, दूसरी ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज की खाड़ी में नाकाबंदी को और लंबे समय तक जारी रखने का प्लान बना रहे हैं। उनका मानना है कि इससे ईरान पर दबाव पड़ेगा और वह बातचीत के लिए तैयार हो जाएगा।


