नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी हफ्ते में दो दिन घर से कामकाज की अनुमति दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पेट्रोलियम उत्पाद किफायत से खर्च करने की अपील के बाद सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कामकाज को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए। अब सर्वोच्च अदालत के हर विभाग के कर्मचारी दो दिन वर्क फ्रॉम होम पर रहेंगे। साथ ही यह भी फैसला किया गया है कि सभी जज कार पूल करेंगे। यानी कई जज कार साझा करके एक साथ अदालत पहुंचेंगे।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी नई गाइडलाइन के मुताबिक अदालत की रजिस्ट्री से जुड़ा 50 फीसदी स्टाफ भी घर से काम करेगा। सोमवार और शुक्रवार को सूचीबद्ध होने वाले मामलों की सुनवाई केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। इसके अलावा कोर्ट के अन्य वर्किंग डे में भी सुनवाई ऑनलाइन ही की जाएगी। अदालत ने रजिस्ट्री विभाग को निर्देश दिया है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक समय पर भेजें और टेक्निकल सपोर्ट हर समय उपलब्ध कराएं, जिससे अदालत की कार्यवाही प्रभावित न हो। सुप्रीम कोर्ट के महासचिव भारत पराशर ने इस दिशानिर्देश का सरकुलर जारी किया।


