नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम के गठन के एक दिन बाद महामंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों के बीच काम का बंटवारा भी शुरू हो गया है। मंगलवार को पार्टी की ओर से तीन राज्यों के प्रभारियों का ऐलान कर दिया है। तीनों राज्यों में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश है। बिहार में भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाने वाले विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। यूपी के साथ साथ पंजाब और गुजरात के प्रभारियों के नाम का ऐलान भी हुआ है।
नितिन नबीन की टीम में नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है और कार्यालय प्रभारी बनाए गए पूर्व महामंत्री तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। गुजरात में अगले साल के अंत में हिमाचल प्रदेश के साथ चुनाव है, जबकि उत्तर प्रदेश और पंजाब में अगले साल फरवरी में ही विधानसभा होंगे।
उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए राजनीतिक और रणनीतिक रूप से सबसे अहम राज्य है। पार्टी ने लगातार दो बार विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ। उसने लगभग आधी सीटें गंवा दी। वह 62 सीट से घट कर 33 सीट पर आ गई। अब भाजपा को लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत दिलाने की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी गई है। गौरतलब है कि आधिकारिक रूप से उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनाए जाने से पहले ही विनोद तावड़े ने उत्तर प्रदेश में काम करना शुरू कर दिया था। वे उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक मामलों में पहले से ही सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। योगी मंत्रिमंडल के विस्तार से लेकर प्रदेश संगठन के ढांचे और समन्वय में उनकी अहम छाप देखी गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



