इम्फाल। मणिपुर में लोकप्रिय सरकार के गठन के बाद शुरू हुई हिंसा थम नहीं रही है। कुकी इलाकों में लगातार हिंसा हो रही है और कई समूह कुकी विधायकों के सरकार में शामिल होने का विरोध कर रहे हैं। रविवार को उखरुल जिले के कस्बे लितान में तनाव शुरू हुआ तो जो देर रात बहुत बढ़ गया। राज्य के नए उप मुख्यमंत्री ने इलाके में डेरा डाला है और भारी सुरक्षा तैनाती की गई है, जिससे फिलहाल शांति बनी है।
पुलिस ने बताया है, तांगखुल नगा और कुकी समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद लितान और उससे सटे मंगकोट गांव में बड़े पैमाने पर लोगों का पलायन हो रहा है। रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे के करीब लितान बाजार में हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान उपद्रवियों ने स्वचालित हथियारों और राइफलों से गोलीबारी भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हिंसा में 25 घर और चार सरकारी क्वार्टर जलकर खाक हो गए हैं।
इस बीच उखरुल के जिला मजिस्ट्रेट ने लितान में कर्फ्यू लगा दिया है। तनाव बढ़ने की आशंका के बीच लोगों ने बिना किसी संगठित पुलिस निकासी के अपने स्तर पर ही घर छोड़ना शुरू कर दिया था। प्रभावित क्षेत्रों में बीएसएफ, सीआरपीएफ और असम राइफल्स के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि अतिरिक्त सुरक्षा बल भी भेजे गए हैं। मणिपुर के उप मुख्यमंत्री लोसी डिखो, जो एक नगा नेता भी हैं, रविवार से ही अशांत इलाके में डेरा डाले हुए हैं और तनाव को कम करने में मदद के लिए स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं।


