नई दिल्ली। अमेरिका के शहर लॉस एंजिल्स में चल रहा प्रवासियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया है। अवैध प्रवासियों पर हो रही कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रवासियों ने सैकड़ों गाड़ियों में तोड़फोड़ की है और आगजनी की है। सड़कें जाम करके उन्होंने दुकानों में लूटपाट की है और उसके बाद उनमें आग लगा दी। कई शॉपिंग कॉम्प्लेस लूटे जाने की खबर है। उन्होंने चौराहों पर अमेरिका का झंडा जलाया है और उस पर थूका। हिंसक प्रदर्शन के भयावह वीडियो सोश मीडिया में वायरल हो रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि शहर पर अवैध प्रवासियों का कब्जा हो गया है। उन्होंने इसे खाली करने का संकल्प जाहिर किया है।
लॉस एंजिल्स में अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई और उनका प्रदर्शन रूकवाने के सीधे राष्ट्रपति ट्रंप ने वहां नेशनल गार्ड्स को उतारा है। आमतौर पर नेशनल गार्ड्स उतारने का फैसला गवर्नर करते हैं लेकिन हिंसा की भयावहता को देखते हुए खुद ट्रंप ने पहल की। कई इलाकों में उपद्रवियों ने सुरक्षा बलों पर पत्थर और पटाखे फेंके। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने मास्क लगाए लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। ट्रंप ने कहा, ‘लॉस एंजिल्स पर अवैध अप्रवासियों का कब्जा है, हम शहर को जल्द मुक्त कराएंगे’।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सुरक्षा बलों और अन्य एजेंसियों को आदेश दिया है कि जो लोग प्रदर्शन के दौरान मास्क पहन रहे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके कहा कि अब किसी भी प्रदर्शन में मास्क पहनने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गौरतलब है कि लॉस एंजिल्स में आव्रजन नीतियों के खिलाफ तीन दिन से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। उपद्रवियों ने शहर में कई सड़कों पर आगजनी की है। गाड़ियों, दुकानों में आग लगाई है और जगह जगह तोड़फोड़ की है।