राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

जेलेंस्की ने बेल्जियम से और एफ-16 लड़ाकू विमानों तथा गोला-बारूद की मांग की

यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर जारी रूसी हमलों के कारण हजारों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और राजधानी कीव समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी है।

इस बीच, अपनी वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को बेल्जियम से अतिरिक्त एफ-16 लड़ाकू विमानों और गोला-बारूद की मांग की है।

श्री जेलेंस्की यूरोपीय संघ (ईयू) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने बेल्जियम की राजधानी आये थे, जहां उन्होंने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात के दौरान यह मुद्दा उठाया।

श्री डी वेवर के साथ बातचीत में श्री जेलेंस्की ने बताया कि ऊर्जा सुविधाओं पर रूसी हमलों के कारण यूक्रेन के वॉलिन क्षेत्र में लगभग 15,000 लोग बिना बिजली के रह रहे हैं, जबकि कीव के कुछ जिलों और आसपास के इलाकों में भी बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में मरम्मत दल काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उन्हीं स्थानों को दोबारा रूसी हमलों का निशाना बनाये जाने का खतरा बना हुआ है।

श्री जेलेंस्की ने कहा, “जेट-संचालित ‘शाहिद’ ड्रोन के हमलों को नाकाम करने में एफ-16 लड़ाकू विमान काफी मददगार साबित हो रहे हैं।” उन्होंने बताया कि यूक्रेन जल्द से जल्द अतिरिक्त विमान हासिल करने के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहा है। दोनों नेताओं ने इन लड़ाकू विमानों के लिए अधिक गोला-बारूद की आपूर्ति की संभावना पर भी चर्चा की।

श्री जेलेंस्की ने बेल्जियम के राजा फिलिप से भी अलग से मुलाकात की और लगातार समर्थन के लिए उनके, बेल्जियम सरकार और यहां की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों के खिलाफ यूक्रेन की हवाई रक्षा को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

उन्होंने मांग की कि युद्ध जारी रहने तक रूस की जब्त संपत्तियों को जब्त ही रखा जाये तथा उसे ये फंड दोबारा न दिये जायें, ताकि इनका इस्तेमाल नये हमलों या यूरोप में अस्थिरता फैलाने में न हो सके।

Also Read : अर्शदीप का खेलना संदिग्ध, भुवनेश्वर भारतीय टीम में शामिल

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ बैठकों के दौरान भी यही चिंताएं उठायी और अतिरिक्त सैन्य एवं वित्तीय सहायता की मांग की।

यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ मुलाकात के बाद श्री जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार होने का कोई संकेत नहीं दिया है, बल्कि वह लगातार यूक्रेनी शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बना रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को यूक्रेनी शहर खारकीव पर हुए एक रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गयी और 17 अन्य घायल हो गये, जबकि एक अन्य हमला रिव्ने के एक शॉपिंग मॉल और चार क्षेत्रों की ऊर्जा सुविधाओं पर हुआ।

श्री जेलेंस्की ने यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे और हवाई रक्षा के लिए यूरोप से अधिक सहयोग की मांग की, साथ ही अगले वर्ष तक देश की वित्तीय स्थिरता बनाये रखने के लिए सहायता की गुहार लगायी।

सुश्री फ्रेडरिक्सन के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि रूस ने प्रतिबंधों में ढील देने के संकेतों को एक प्रोत्साहन के रूप में लिया है, जिस कारण वह आवासीय भवनों, सब-स्टेशनों और दैनिक जीवन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचों पर हमले जारी रखे हुए है। उन्होंने यूरोपीय देशों से सर्दियों से पहले अपनी तैयारियां तेज करने का आग्रह किया, जिसमें विशेष रूप से बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट-संचालित ड्रोन को हवा में ही ध्वस्त करने में सक्षम वायु रक्षा प्रणालियों को प्राथमिकता दी जाये।

इस बीच, श्री कोस्टा ने यूक्रेन को राजनीतिक, वित्तीय और सैन्य रूप से समर्थन देने की यूरोपीय संघ की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ को अपनी सहायता जारी रखनी चाहिए, रूस पर दबाव बढ़ाना चाहिए और यूरोपीय संघ में यूक्रेन की सदस्यता की दिशा में प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment