राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अकाली-भाजपा गठबंधन की चुनौतियां

पंजाब विधानसभा का चुनाव दिलचस्प हो गया है। पिछले दो चुनावों यानी विधानसभा 2022 और लोकसभा 2024 के आधार पर माना जा रहा था कि चुनाव बिल्कुल आमने सामने का होगा और मुकाबला आम आदमी पार्टी बनाम कांग्रेस का होगा। लेकिन अब अकाली दल और भाजपा के गठबंधन ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

खदूर साहिब सीट के निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह और फरीदकोट के निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) एक चौथा कोण बनाने में लगी है। अगर यह पार्टी अकाली दल (पुनरसुरजीत) के साथ मिल कर चुनाव लड़ती है तो पूरे पंजाब में भले न सही लेकिन एक बडे इलाके में मुकाबला चारकोणीय होगा। लंबे अरसे के बाद पहली बार होगा, जब पंजाब का राजनीतिक स्पेस इतना डिवाइडेड होगा। हालांकि आमतौर पर ऐसी स्थिति का लाभ सत्तारूढ़ दल को होता है।

सत्तारूढ़ दल यानी आम आदमी पार्टी ने पिछला चुनाव 42 फीसदी से ज्यादा वोट और 92 सीटों के साथ जीता था। तभी यह आम धारणा है कि अगर सरकार बहुत अलोकप्रिय होगी तब भी उसे सरकार बनाने लायक सीटें मिल जाएंगी। इसके पीछे दो स्पष्ट कारण माने जा रहे थे। पहला तो यह कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मुकाबले विपक्ष की ओर से कोई बड़ा जाट सिख चेहरा नहीं है और दूसरा कि सरकार की लोक कल्याण की योजनाओं का लाभ घर घर पहुंचा हुआ है।

इसे ‘मान दा मुनाफा’ कह कर प्रचारित किया जा रहा है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि भगवंत मान की सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंच रहा है। राज्य की लगभग 90 फीसदी आबादी को तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। महिलाओं की बड़ी आबादी को ‘मावा धिया सत्कार योजना’ के तहत नकद रुपए मिल रहे हैं। लेकिन भ्रष्टाचार और नशा मुक्ति के मामले में आम आदमी पार्टी की सरकार अपना वादा नहीं पूरा कर पाई है। इस बार के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों इसे ही सबसे बड़ा मुद्दा बना रहे हैं। इसका आप को नुकसान होगा।

अगर कांग्रेस पार्टी की बात करें तो वह सीधे मुकाबले में आप को टक्कर देती दिख रही है। लेकिन उसकी सबसे बड़ी समस्या आंतरिक कलह है। पार्टी के अंदर कई गुट बने हुए हैं। चार साल तक प्रदेश अध्यक्ष रहे अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हटाए जाने के बाद गुटबाजी और तेज हो गई है। वडिंग अपनी राजनीति अलग कर रहे हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की राजनीति अलग है। विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा भी अपने अपने पत्ते बिछा रहे हैं। इन सबके बीच प्रदेश के नए प्रधान परगट सिंह अपने लिए जगह बनाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू एक तरह से कांग्रेस से दूर ही हो गए हैं। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट चुनाव से पहले एकजुटता बनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन कामयाबी नहीं मिल रही है। पूरी तरह से आदर्श स्थितियों के बावजूद यह गुटबाजी कांग्रेस को रोक रही है।

ऐसी स्थिति में अकाली दल और भाजपा का गठबंधन एक मजबूत विकल्प के तौर पर सामने आया है। इस गठबंधन से पहले, जो राजनीति हुई है उसे समझना दिलचस्प है। भाजपा ने गठबंधन की घोषणा से पहले जमीनी स्तर पर अपना काम किया। पार्टी ने नशे के खिलाफ एक हफ्ते की यात्रा निकाली और इस यात्रा के समापन के मौके पर जालंधर में एक रैली हुई, जिसमें अमित शाह शामिल हुए, जहां उन्होंने पंजाब को 2029 तक नशामुक्त बनाने का लक्ष्य घोषित किया।

उससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न पंजाब का दौरा किया। वे भी दोआबा के जालंधर गए और डेरा सचखंड बलां में जाकर रविदास समाज के संत निरंजन स्वामी से मुलाकात की। भाजपा ने संत रविदास की 650वीं जयंती के मौके पर उनके जन्मस्थान और वाराणसी के बीच समरसता यात्रा निकाली। ध्यान रहे पंजाब में देश के किसी दूसरे हिस्से के मुकाबले सबसे ज्यादा करीब 33 फीसदी दलित आबादी है। डेरा सचखंड बलां से लेकर संत रविदास की जयंती से जुड़ी यात्रा तक भाजपा ने इस वोट आधार को टारगेट किया। साथ ही कांग्रेस से आए मजबूत जाट सिख नेता केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया।

इसके बाद भाजपा ने अकाली दल के साथ तालमेल किया। भाजपा ने मजबूत पोजिशन से तालमेल किया है इसलिए वह इस बार पहले के फॉर्मूले में मिलने वाली सीटों के मुकाबले दोगुने सीटों पर लड़ेगी। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 23 सीटों पर लड़ी थी। इस बार वह 45 से 46 सीट लड़ सकती है। भाजपा पारंपरिक रूप से शहरी इलाकों की पार्टी रही है। जम्मू से सटे पठानकोट और गुरदासपुर को छोड़ दें, जहां गांवों में भी भाजपा का आधार है तो बाकी पंजाब में वह शहरों की पार्टी है। जिस तेजी से शहरीकरण हुआ है उससे शहरों में भाजपा का आधार तेजी से बढ़ा है।

दूसरी ओर अकाली दल ने बहुत कमजोर पिच से शुरुआत की है। लेकिन माना जा रहा है कि यह उसकी ताकत बन सकती है। वह 10 साल से सत्ता से बाहर है। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल पर कई बार हमले हुए। उनको तनखैया घोषित किया गया और उन्होंने दरबार साहिब में सेवा की। इन सब घटनाक्रमों से उनके प्रति एक सहानुभूति भी पैदा हुई है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल के नहीं रहने के बाद यह पहला चुनाव है। उनको इससे भी कुछ सहानुभूति मिलेगी। उन्होंने पार्टी छोड़ कर गए पुराने नेताओं प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बीबी जागीर कौर आदि की वापसी कराई है। इससे वे पंथिक वोट के सबसे बड़े दावेदार के तौर पर उभरे हैं।

बादल ने किसान आंदोलन के समय एनडीए से गठबंधन तोड़ा था और उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इससे किसान संगठनों का भरोसा बादल परिवार में बना। भाजपा के साथ जाने से ग्रामीण इलाकों में कुछ नाराजगी होगी लेकिन उससे पहले भारतीय किसान यूनियन के दो गुटों ने अकाली दल का समर्थन किया है। सो, सहानुभूति, जाट सिख और पंथिक वोट व किसानों के एक बड़े समूह के समर्थन के दम पर अकाली दल एक बड़ी ताकत बनी है। इस बात को समझते हुए ही भाजपा ने अकाली दल को बड़ा भाई मानने और उसको मुख्यमंत्री पद देने की घोषणा की है।

पिछले दो चुनावों में अकाली और भाजपा अलग अलग लड़े और मोटे तौर पर दोनों ने अपना वोट आधार बचाए रखा। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को साढ़े 18 और अकाली दल को साढ़े 13 फीसदी वोट मिला। यानी दोनों को मिला कर 32 फीसदी वोट मिले लेकिन सिर्फ एक सीट अकाली दल को मिली। दूसरी ओर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को 26-26 फीसदी वोट मिले और उसी आधार पर कांग्रेस को सात और आप को तीन सीटें मिल गईं। इससे पहले विधानसभा चुनाव में अकाली दल को साढ़े 18 फीसदी और भाजपा को साढ़े छह फीसदी वोट मिले थे। यानी दोनों को मिला कर करीब 25 फीसदी वोट मिले। लेकिन सीटें सिर्फ पांच मिलीं। इसी के आसपास वोट कांग्रेस को भी मिला लेकिन उसको 18 सीटें मिलीं। इससे दोनों पार्टियों को गठबंधन की जरुरत समझ में आई।

निश्चित रूप से अलग अलग लड़ कर दोनों पार्टियों ने जितना वोट हासिल किया, वह वोट एक साथ लड़ने पर नहीं मिलेगा। फिर भी अगर दोनों पार्टियां अपना वोट एक दूसरे को ट्रांसफर करा पाती हैं तो आप और कांग्रेस दोनों के लिए चुनौती होगी। भाजपा 38 फीसदी हिंदू वोटों में मेहनत कर रही है। विधानसभा चुनाव में यह वोट बहुत कम मात्रा में भाजपा को मिला था। ज्यादातर वोट आम आदमी पार्टी के साथ गया था। लेकिन लोकसभा में हिंदू वोट भाजपा को मिला। दूसरी ओर पंथिक और जाट सिख वोट में अकाली दल का आधार है। हालांकि जाट सिख वोट भाजपा के पक्ष में ट्रांसफर कराना बहुत मुश्किल होगा। यह गठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती है। फिर भी त्रिकोणीय मुकाबले में अगर विधानसभा त्रिशंकु भी हो जाए तो खेल भाजपा के नियंत्रण में आ जाएगा।

By अजीत द्विवेदी

संवाददाता/स्तंभकार/ वरिष्ठ संपादक जनसत्ता’ में प्रशिक्षु पत्रकार से पत्रकारिता शुरू करके अजीत द्विवेदी भास्कर, हिंदी चैनल ‘इंडिया न्यूज’ में सहायक संपादक और टीवी चैनल को लॉंच करने वाली टीम में अंहम दायित्व संभाले। संपादक हरिशंकर व्यास के संसर्ग में पत्रकारिता में उनके हर प्रयोग में शामिल और साक्षी। हिंदी की पहली कंप्यूटर पत्रिका ‘कंप्यूटर संचार सूचना’, टीवी के पहले आर्थिक कार्यक्रम ‘कारोबारनामा’, हिंदी के बहुभाषी पोर्टल ‘नेटजाल डॉटकॉम’, ईटीवी के ‘सेंट्रल हॉल’ और फिर लगातार ‘नया इंडिया’ नियमित राजनैतिक कॉलम और रिपोर्टिंग-लेखन व संपादन की बहुआयामी भूमिका।

Leave a comment