राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अपने उप महाद्वीप में भी पूछ नहीं है

राहुल गांधी ने अमेरिका की अपनी इस बार की यात्रा में कई बातें कहीं। उन्होंने भारत में लोकतंत्र की स्थिति के बारे में बात की तो अर्थव्यवस्था की स्थिति पर भी अपनी राय पेश की। इसी क्रम में उन्होंने वैश्विक कूटनीति और दुनिया में अभी उभरती नई विश्व व्यवस्था में भारत के स्थान का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि भारत अब नई विश्व व्यवस्था में हाशिए का प्लेयर हो गया है। यानी उसकी कोई पूछ नहीं रही है। इस पर भाजपा के नेता बुरी तरह से बिफरे और उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश जाकर देश का अपमान किया है। लेकिन सवाल है कि राहुल ने जो कहा है क्या वस्तुनिष्ठ तरीके से उसका आकलन करने की जरुरत नहीं है?

नई विश्व व्यवस्था जो उभर रही है उसकी एक तस्वीर चीन के शेनझेन में दिखाई दी, जहां दुनिया की तीन महाशक्तियों की बैठक हुई। डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन ने नई विश्व व्यवस्था बनाने के बारे में बात की। उसमें भारत कहां था? एशिया पैसेफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन यानी एपेक के बहाने तीनों नेता मिले और दुनिया की स्थिति पर विचार किया। इससे ठीक पहले मनीला में क्वाड की बैठक हुई, आसियान-इंडिया समिट हुआ और ईस्ट एशिया समिट भी हुआ। अगर विश्व व्यवस्था में भारत का कोई भी स्थान होता तो भारत यह सुनिश्चित कर सकता था कि मनीला में ही बैठक हो और परमाणु शक्ति संपन्न देश के तौर पर भारत को भी उसमें शामिल किया जाए।

सोचें, भारत में इस बात का जश्न मनाया जा रहा है कि शेनझेन में जब दुनिया की तीन महाशक्तियां मिलीं औऱ चार मुद्दों पर सहमति बनी तो भारत को उसका लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि शेनझेन में चारों देशों ने तय किया कि रूस को ज्यादा तेल बेचने का अधिकार मिलेगा, संयुक्त राष्ट्र संघ में सुधार होगा, परमाणु खतरा कम किया जाएगा और अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत यानी आईसीसी के अधिकार कम होने चाहिए। भारत में इस बात का जश्न मनाया जा रहा है कि रूस से तेल की बिक्री बढ़ेगी तो भारत को सस्ता और आसानी से तेल मिलेगा और संयुक्त राष्ट्र संघ में सुधार होगा तो भारत को सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता मिल सकती है। कितने शर्म की बात है कि भारत की किस्मत के बारे में फैसला भारत के बगैर हो रहा है? अन्य देश मिल कर कुछ फैसले कर रहे हैं, जिसका लाभ भारत को मिलेगा यह भारत का विश्वगुरू बनना है या नीचे गिरना है? यह वैसे ही है जैसे भारत का प्रधानमंत्री डेढ़ सौ करोड़ लोगों की किस्मत बदलने, बिगाड़ने वाला फैसला करता है। वैसे ही दुनिया की तीन महाशक्तियां भारत की किस्मत का फैसला कर रही थीं!

बहरहाल, भारत में इस बात का दावा किया जाता है कि दुनिया में मोदी ने भारत का मान बढ़ाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तो एक बार यहां तक कहा कि दुनिया में कोई भी बड़ा फैसला मोदीजी के बगैर नहीं होता है। लेकिन वास्तविकता यह है कि दुनिया छोड़िए अपने उप महाद्वीप में ही भारत की कोई हैसियत नहीं रह गई है। आस पड़ोस के देशों के साथ भारत का जो पुराना संबंध था वह भी खत्म हो गया है। जो कूटनीतिक परंपराएं दशकों से चल रही थीं वह भी समाप्त हो गई हैं। अब नेपाल के प्रधानमंत्री अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत नहीं आते और न मालदीव और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत आते हैं। सबकी पहली विदेश यात्रा चीन की हो रही है। भारत के पड़ोसी देश, जो पहले हर चीज के लिए भारत पर निर्भर थे वे अब चीन का मुंह देख रहे हैं। नेपाल में तख्तापलट हुआ, बांग्लादेश में तख्तापलट हुआ, श्रीलंका में हुआ लेकिन किसी में भी भारत की कोई भूमिका न पहले रही और न बाद में। नेपाल से लेकर मालदीव और बांग्लादेश तक भारत विरोधी पार्टियों और नेताओं की सरकार बन गई। भारत कुछ नहीं कर सका। आपदा की स्थिति में मदद भेजने का हवाला देकर भारत इन देशों से दोस्ता रखना चाहता है। लेकिन इन देशों का चीन के साथ कारोबार बढ़ रहा है और इनके यहां चीन का निवेश बढ़ रहा है। सो, उनके लिए भारत का महत्व कम होता जा रहा है।

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment