प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दर्जन किताबें लिखी हैं। इसमें कविता की किताब है, मोटिवेशनल किताब है, बच्चों के लिए किताब है। सामाजिक समरसता व जलवायु परिवर्तन के ऊपर भी किताब है। ये सारी किताबें प्रधानमंत्री बनने के बाद छपी हैं। लेकिन अगर किसी से इन किताबों के बारे में पूछें तो शायद ही कोई बता पाए। भाजपा के ज्यादातर नेता भी इन किताबों के बारे में नहीं जानते हैं। न उनकी चर्चा करते हैं। किसी भी किताब को लेकर कभी ऐसी हाइप नहीं बनी, जैसी सोनिया गांधी की किताब को लेकर बनी है। नरेंद्र मोदी की किसी किताब पर कभी कोई चर्चा हुई हो, बहस हुई या उसमें कमी निकालने की होड़ मची हो, ऐसा भी नहीं है।
इसका अर्थ है कि किताब आई-गई हो गई। यह भी अर्थ है कि लोगों को यह जानने में कोई जिज्ञासा नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी क्या लिख रहे हैं।
उनकी एकमात्र चर्चित किताब ‘एग्जाम वॉरियर्स’ है। यह किताब पेंग्विन से छपी है, जो उन्होंने बच्चों को प्रेरित करने के लिए लिखी है। लेकिन इस किताब की भी सकारात्मक तरीके से शायद ही कभी चर्चा हुई है। ऐसी तो कोई मिसाल नहीं है, जिससे लगे कि बच्चों या उनके अभिभावकों को इस किताब से बहुत लाभ मिला। हां, पिछले दिनों जब लगातार नीट की परीक्षा के पेपर लीक और गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन चल रहे थे तब कई लोगों ने इस पर तंज करते हुए लिखा कि नरेंद्र मोदी ने ‘एग्जाम वॉरियर्स’ नाम से किताब लिखी और उनकी सरकार ने सचमुच बच्चों को वॉरियर बना दिया। अब परीक्षा से पहले और बाद में बच्चों को कई मोर्चे पर लड़ना पड़ता है। पहली लड़ाई तो यही है कि परीक्षा समय पर हो। दूसरी लड़ाई है कि परीक्षा देने के लिए छात्र सेंटर पर पहुंच जाएं क्योंकि कई परीक्षाएं एक दिन रख दी जाती हैं, सेंटर इतनी दूर कर दिए जाते हैं कि बच्चें पहुंच नहीं पाते हैं। तीसरी लड़ाई यह है कि परीक्षा हो जाए तो पेपर लीक नहीं हों। इन सबसे पार पाकर अगर परीक्षा दे दी तो चौथी लड़ाई है कि अंकों में गड़बड़ी नहीं हो या किसी अन्य धांधली का खुलासा न हो, जिसके बाद परीक्षा रद्द हो जाए।
बहरहाल, ‘एग्जाम वॉरियर्स’ के अलावा मोदी ने 11 और किताबें लिखी हैं। एक किताब का नाम है ‘साक्षी भाव’ यह किताब प्रभात प्रकाशन से छपी है और यह मोदी की कविताओं का संग्रह है, जिसमें पहली कविता मां पर है। मोदी ने लिखा है कि ये कविताएं उन्होंने आत्मसुख के लिए लिखी है। ऐसे ही कविता की एक अन्य किताब है ‘अ जर्नीः पोएम्स बाई नरेंद्र मोदी’। यह किताब रूपा प्रकाशन से छपी है। यह गुजराती में लिखी गई 67 कविताओं का संग्रह है, जिसका अंग्रेजी में अनुवाद हुआ है। जलवायु परिवर्तन पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘कन्वीनिएंट एक्शन’ नाम से किताब लिखी है, जिसे लेक्सिस नेक्सिस नाम के प्रकाशन ने छापा है। ऐसे ही ‘राष्ट्र सर्वोपरि मानने वाले तपस्वी मनीषियों का पुण्य स्मरण’ करने के लिए मोदी ने ‘ज्योति पुंज’ नाम से किताब लिखी है, जिसे प्रभात प्रकाशन ने छापा है। सिंगापुर में उनके लेक्चर को लेकर भी एक किताब छपी है। इनमें कई किताबें ऐसी हैं, जो गुजराती, हिंदी में छपी हैं और फिर अंग्रेजी में अनुवाद हुआ है। ‘सोशल हारमनी’ और ‘सामाजिक समरसता’ नाम से दो किताबें हैं।
इसके बरक्स सोनिया गांधी की पहली किताब है-‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’। इस किताब की इतनी चर्चा है, जितनी हाल के दिनों में किसी किताब की नहीं हुई है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ कांग्रेस के नेताओं के बीच, उसके इकोसिस्टम में चर्चा है। बौद्धिक जगत में भी इस किताब पर बात हो रही है। हर प्लेटफ़ॉर्म पर किताब की समीक्षा हो रही है। मीडिया और सोशल मीडिया में किताब के हर अध्याय को लेकर अच्छी या बुरी समीक्षा की जा रही है। भाजपा के प्रवक्ता उस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो भाजपा की सहयोगी पार्टियों के नेता भी किताब खरीद कर गर्व के साथ उसका प्रदर्शन कर रहे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद अरुण भारती की तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे खान मार्केट के बाहरी संस से सोनिया गांधी की किताब लेकर निकल रहे थे। जाहिर है कि हर पक्ष किसी न किसी मुद्दे को लेकर जानना चाहता है कि सोनिया गांधी की उस पर क्या राय है। यह उनके निजी जीवन की किताब है इसके बावजूद समकालीन राजनीति की बहुत सारी बातें इसमें हैं।
वैसे इस किताब का प्रचार तो पहले ही हो गया, जब पेंग्विन ने इसे छापने से मना किया। उस समय कहा गया कि इसमें लिखी कुछ बातों से सरकार को आपत्ति है इसलिए पेंग्विन ने छापने से मना किया है। तभी इस किताब को अच्छा खासा प्रचार मिला। फिर भाजपा के नेताओं ने पहले दिन से बिना पढ़े किताब की समीक्षा शुरू कर दी। उससे भी किताब के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी। प्रकाशक ने पहला संस्करण एक लाख कॉपी में छापा है। किसी भी नॉन फिक्शन बुक के लिए यह बहुत बड़ी संख्या है। खासतौर से भारत में क्योंकि भारत में किताबें खरीद कर पढ़ने की परंपरा कभी नहीं रही है। अमेरिका, यूरोप में आमतौर पर किताबों की एक मिलियन यानी 10 लाख प्रति बिक जाती है। भारत में ऐसा नहीं होता है। फिर भी सोनिया गांधी की किताब नए रिकॉर्ड बनाती लगती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



