Tuesday

15-07-2025 Vol 19

राहुल की विदेश यात्रा का संयोग

165 Views

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश गए हैं। कहां गए हैं यह सार्वजनिक नहीं किया गया है। वैसे कांग्रेस के बड़े नेताओं को पता होगा और सरकार को तो पता होगा ही। फिर सरकारी पार्टी के लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि राहुल गांधी कहां गए? कई तरह की साजिश की चर्चा भी हो रही है। जैसे सोशल मीडिय में इस बात की भी चर्चा हुई कि राहुल गांधी गायब हुए तो क्या जॉर्ज सोरोस के बेटे की शादी में गए थे? ध्यान रहे पिछले दिनों सोरोस के बेटे की शादी अमेरिका में हुई। लंबे समय से क्लिंटन परिवार के नजदीक रहीं हुमा आबेदीन के साथ अलेक्जेंडर सोरोस की शादी हुई है। अब यह संयोग है कि जिस समय शादी हुई उस समय राहुल गांधी विदेश दौरे पर गए और लोगों ने इन दोनों को जोड़ दिया। गौरतलब है कि भाजपा और राइट विंग के लोग सोरोस से बहुत प्यार करते हैं। वे देश में होने वाले हर आंदोलन और कई समस्याओं के लिए उनको जिम्मेदार ठहराते रहते हैं।

बहरहाल, यह राहुल गांधी का संयोग है कि वे जब भी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो कुछ न कुछ ऐसा हो जाता है कि उनके ऊपर फोकस बन जाता। जैसे अभी गर्मी की छुट्टियों में और अपने जन्मदिन के मौके पर वे विदेश गए तो एक के बाद एक कई घटनाक्रम हो गए, जिनको लेकर वे निशाने पर आ गए या उनको खोजा जाने लगा। वे विदेश गए उसी समय 12 जून को अहमदाबाद में भीषण विमान हादसा हो गया। हादसे के दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौके पर पहुंचे और अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। इसके एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी अहमदाबाद पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उनके साथ कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी थे। तभी लोगों ने राहुल गांधी को खोजा। आखिर यह तो उनका डिपार्टमेंट है। चाहे पहलगाम हादसा हो या हाथरस की भगदड़ वे पीड़ितों से मिलने गए थे। हालांकि कर्नाटक में हुई भगदड़ से पीड़ितों को ऐसा सौभाग्य नहीं मिला। राहुल दिल्ली में थे लेकिन बेंगलुरू नहीं गए।

बहरहाल, दूसरा घटनाक्रम यह हुआ कि उनकी मां सोनिया गांधी की सेहत खराब हो गई। वे हिमाचल प्रदेश के छरबड़ा गई थीं, जहां प्रियंका गांधी वाड्रा ने घर बनाया है। वहीं पर उनकी तबियत बिगड़ी और उनको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उसके बाद वे दिल्ली आईं तो फिर उनकी तबियत खराब हो गई। पेट में संक्रमण और कुछ अन्य समस्याओं की वजह से उनको गंगाराम अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इससे भी सोशल मीडिया के ट्रोल्स को मौका मिल गया कि वे राहुल की गैरहाजिरी पर सवाल उठाएं। उन्होंने पूछना शुरू कर दिया कि मां बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं तो बेटा कहां है? गुरुवार, 19 जून को उनका जन्मदिन था। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी ने कई बड़े आयोजन किए, लेकिन उनको राहुल गांधी के दर्शन नहीं हुए क्योंकि वे विदेश में थे। यह संयोग है कि राहुल गांधी गर्मी की छुट्टियों में गए तो ऐसे घटनाक्रम हो गए और इससे पहले साल के अंत में छुट्टी मनाने गए उस समय मनमोहन सिंह का निधन हुआ था। राहुल उनके अंतिम संस्कार में तो शामिल हुए लेकिन उनकी शोक सभा में नहीं शामिल हो सके क्योंकि उनको विदेश जाना था। तब भी उनकी तलाश हुई थी।

NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *