ऐसा लग रहा है कि महाराष्ट्र और केंद्र की सरकार के बीच सिर्फ एफडीए और एफएसएसएआई के मामले में ही खींचतान नहीं थी, बल्कि अडानी समूह के कारोबारी हितों को लेकर भी टकराव है। यह किसी से छिपा नहीं है कि अडानी समूह को लेकर केंद्रीय नेतृत्व की क्या सोच है। राज्यों की भाजपा सरकारें उसी मुताबिक फैसले करती है। लेकिन महाराष्ट्र में ऐसा नहीं हो रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी एमपीसीबी का है। एमपीसीबी ने अडानी की कंपनी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के तरैल पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट को सतारा जिले के पाटन गांव में चल रही परियोजना रोकने का नोटिस जारी किया है। 20 नवंबर को जारी नोटिस में एमपीसीबी पुणे कार्यालय ने कहा है कि कंपनी बिना पूर्व मंजूरी और क्लीयरेंस के काम करा रही है।
इससे पहले इसी प्रोजेक्ट को लेकर एक दूसरा विवाद हुआ था। यह प्रोजेक्ट सतारा जिले के सहयाद्री टाइगर प्रोजेक्ट और कोयना वन्यजीव अभयारण्य के पास है। अडानी ग्रीन एनर्जी की ओर से वहां 15 सौ मेगावाट का एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट लगना है, जिसकी लागत 6,557 करोड़ रुपए बताई गई थी। नियम के मुताबिक वन और अभयारण्य संरक्षण के लिए कंपनी को 227 करोड़ रुपए जमा कराने थे। लेकिन अचानक कंपनी ने प्रोजेक्ट के खर्च में 99 फीसदी कटौती कर दी और कहा कि उसकी परियोजना सिर्फ 65.57 करोड़ रुपए की है इसलिए उसे सिर्फ 2.27 करोड़ रुपए जमा कराने होंगे। सरकार ने इसे मान भी लिया और पैसे जमा हो गए। लेकिन आश्चर्यजनक तरीके से इसकी खबर मीडिया में लीक हो गई और जब विवाद हुआ तो सरकार ने प्रोजेक्ट में 99 फीसदी की कटौती के प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। अब उसी प्रोजेक्ट को महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस जारी कर दिया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



