यह लाख टके का सवाल है कि महाराष्ट्र में सचमुच क्या राज्य सरकार और केंद्र के बीच किसी तरह की खटपट है? क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस अलग लाइन पर चल रहे हैं और दिल्ली में बैठे भाजपा के शीर्ष नेता उनको पीछे खींच रहे हैं? यह सवाल इसलिए है क्योंकि खाने पीने की वस्तुओं की जांच और लाइसेंसिंग के अधिकार को लेकर दोनों सरकारों में घमासान छिड़ा था और अब केंद्र सरकार या भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने अपने वीटो का इस्तेमाल करके महाराष्ट्र सरकार को पीछे हटने के लिए मजबूर किया है। मामला महाराष्ट्र के एफडीए और केंद्र के एफएसएसएआई के बीच का है।
असल में महाराष्ट्र में जब से आईएएस अधिकारी तुकाराम मुढे राज्य के फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन यानी एफडीए में आए तब से उन्होंने खाने पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ अभियान छेड़ा। वे रातों रात लोकप्रिय हो गए। उन्होंने रेहड़ी, पटरी वाली दुकानों के साथ साथ एक दिन हाई कोर्ट की कैंटीन भी बंद करा दी थी। लेकिन जब उनकी कार्रवाई आगे बढ़ी तो पता चला कि केंद्रीय एजेंसी फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया यानी एफएसएसएआई ने 2011 में बनी सेंट्रल लाइसेंसिंग ऑथोरिटी का एक पोर्टल 2020 में लॉन्च किया और राज्य के सारे लाइसेंसिंग अधिकारी उसको ट्रांसफर कर दिए। मुढे ने राज्य सरकार की मंजूरी से इसके खिलाफ लड़ने का फैसला किया। उनकी एजेंसी हाई कोर्ट पहुंची और एफएसएसएआई के इस फैसले को चुनौती दी।
लेकिन यह लड़ाई किसी मुकाम पर पहुंचती उससे पहले मुढे को याचिका वापस लेनी पड़ी। बताया जा रहा है कि दिल्ली से दबाव डाल कर राज्य सरकार को मजबूर किया गया। हालांकि जाते जाते भी राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि यह उसका फैसला नहीं है। हाई कोर्ट मे याचिका वापस लेने के लिए जो आवेदन दिया गया उसमें कोई कारण नहीं बताया गया। जब अदालत ने इस बारे में पूछा तो सपाट शब्दों में कह दिया गया कि ऊपर से ऐसा कहा गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



