उद्धव ठाकरे की शिव सेना के नेता संजय राउत अक्सर ऐसे बयान देते हैं, जिन पर विवाद होता है। उनके बयानों की वजह से भी कई बार उद्धव की पार्टी और पूरे विपक्षी गठबंधन को नुकसान हुआ है। अब उन्होंने महिला आरक्षण कानून में संशोधन के लिए लाए गए बिल और परिसीमन बिल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। संजय राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी को बिल का समर्थन करने के लिए डेढ़ सौ करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किसने प्रस्ताव दिया था।
सोचें, उद्धव ठाकरे की शिव सेना के पास इस समय लोकसभा में सिर्फ तीन सांसद हैं। 2024 के चुनाव में उनकी पार्टी के नौ सांसद जीते थे, जिनमें से छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिव सेना में चले गए हैं। अब अरविंद सावंत, अनिल देसाई औऱ राजाभाऊ वाजे उनके पास बचे हैं। अगर तीन सांसदों के वोट के लिए डेढ़ सौ करोड़ रुपए का प्रस्ताव है तो इसका अर्थ है कि प्रति सांसद 50 करोड़ रुपए का ऑफर चल रहा है। यह समझना भी मुश्किल नहीं है कि प्रस्ताव किसकी तरफ से आ सकता है। लेकिन क्या सचमुच केंद्र सरकार और भाजपा के संसदीय प्रबंधक पैसे देकर वोट खरीद रहे हैं? अगर ऐसा है तो 22 सांसदों वाली पार्टी डीएमके को क्या प्रस्ताव दिया गया होगा और शरद पवार की पार्टी के सामने क्या ऑफर होगा?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



