Sunday

15-06-2025 Vol 19

कांग्रेस अकबर रोड का बंगला खाली नहीं करेगी!

86 Views

कांग्रेस पार्टी ने अभी तक 24, अकबर रोड खाली नहीं किया है। अब भी पार्टी के कई पदाधिकारी वहां बैठते हैं। हालांकि कांग्रेस मुख्यालय फिरोजशाह कोटला रोड पर शिफ्ट हो गया है और कांग्रेस अध्यक्ष व महासचिवों का वहां बैठना भी शुरू हो गया है। कांग्रेस की बैठकें अब इंदिरा भवन के नए कार्यालय में हो रही हैं। लेकिन अकबार रोड पार्टी ने खाली नहीं किया है। इतना ही नहीं रायसीना रोड पर स्थित पांच नंबर बंगला भी अभी कांग्रेस के पास है। पांच, रायसीना रोड पर यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई का कार्यालय है।

कांग्रेस ने अब तक बंगले नहीं छोड़े

इस लिहाज से कांग्रेस इकलौती पार्टी है, जिसके पास लुटियन की दिल्ली में दो बड़े बंगले हैं। अभी कांग्रेस दोनों बंगले खाली करने के मूड में नहीं है।हालांकि ज्यादातर सामान हटा दिए गए हैं और ऐसी स्थिति है कि अगर पार्टी चाहे तो एक दिन में बंगले खाली किए जा सकते हैं।

फिर भी कांग्रेस 24, अकबर रोड और पांच, रायसीना रोड का बंगला इस आधार पर नहीं खाली कर रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने भी अभी 11, अशोक रोड का बंगला खाली नहीं किया है। गौरतलब है कि भाजपा का मुख्यालय दशकों तक 11, अशोक रोड में रहा। उससे सटे नौ,  अशोक रोड का बंगला अरुण जेटली को आवंटित है, जिसका बड़ा हिस्सा उन्होंने पार्टी के कामकाज के लिए दे दिया था। कांग्रेस के एक जानकार नेता कहना है कि अगर भाजपा 11, अशोक रोड का बंगला खाली नहीं करती है तो कांग्रेस भी दोनों बंगले खाली नहीं करेगी।

ज्यादा से ज्यादा यह हो सकता है कि सरकार बंगलों का किराया बढ़ा सकती है। अभी साधारण दर पर बंगला आवंटित है लेकिन अगर सरकार चाहे तो वह बाजार की दर पर भी किराया ले सकती है। कांग्रेस उस दर पर भी किराया देने को तैयार है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार जो नियम अशोक रोड के भाजपा के बंगले पर लागू करेगी वही नियम कांग्रेस के दोनों बंगलों पर भी लागू होगा। अब देखना है कि कब तक ये तीन बंगले खाली होते हैं।

Also Read: कांग्रेस में बयानबाजी चलती रहेगी

Pic Credit: ANI

NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *