nayaindia BJP भाजपा को नए फिल्मी चेहरों की तलाश

भाजपा को नए फिल्मी चेहरों की तलाश

भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव में बॉलीवुड यानी हिंदी सिनेमा, कॉलीवुड यानी बांग्ला सिनेमा, टॉलीवुड यानी दक्षिण भारतीय सिनेमा और भोजपुरी फिल्मों से जुड़े लोगों को चुनाव लड़ाती है। इस समय भोजपुरी फिल्मों के तीन बड़े सितारे- मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव भाजपा के सांसद हैं। हिंदी फिल्मों से सन्नी देओल, हेमामालिनी और किरण खेर सांसद हैं। बांग्ला फिल्मों से लॉकेट चटर्जी अभी भाजपा की सांसद हैं। पहले बाबुल सुप्रियो भी होते थे। दक्षिण भारत में भाजपा के पास फिल्मी सितारों की थोड़ी कमी है। वैसे कन्नड़ फिल्मों के बड़े स्टार टी अम्बरीश की पत्नी सुमलता अम्बरीश भाजपा से जुड़ गई हैं। वे सांसद हैं। पिछले दिनों तेलुगू सिनेमा की एक बड़ी अभिनेत्री विजयशांति ने भाजपा छोड़ दी, जबकि तमिल फिल्मों की खुशबू सुंदर अब भी भाजपा के साथ हैं। मलयालम सिनेमा के सुरेश गोपी भी भाजपा में हैं।

जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा को हिंदी फिल्मों से कुछ नए सितारों को राजनीति के मैदान में उतारना है। इसका कारण यह है कि हिंदी फिल्मों से जुड़े तीनों चेहरे इस बार शायद चुनाव नहीं लड़ेंगे। गुरदासपुर के सांसद सन्नी देओल ने साफ कर दिया है कि वे लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसी तरह मथुरा की सांसद हेमामालिनी के लिए कहा जा रहा है कि वे अगली बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी उम्र 75 साल से ज्यादा हो गई है। हालांकि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मथुरा बांके बिहारी मंदिर गए थे उस मौके पर मीराबाई के जीवन पर आधारित एक कार्यक्रम में हेमामालिनी के नृत्य का प्रदर्शन हुआ था और मंच पर उन्होंने मोदी का स्वागत भी किया था। चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर भी अगले चुनाव के समय 72 साल की होंगी। हालांकि हो सकता है कि उनको फिर से मौका मिले।

ध्यान रहे पहले विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा, धर्मेंद्र, परेश रावल आदि बड़े सितारे भाजपा के सांसद रहे हैं। अब फिर से भाजपा अगले चुनाव के लिए बड़े फिल्मी चेहरों को लाने वाली है। बताया जा रहा है कि हिंदी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को भाजपा चुनाव लड़ा सकती है। उनको इस साल भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव यानी इफ्फी में विशेष सम्मान दिया गया। सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उनको यह सम्मान दिया। इसके बाद चर्चा है कि भाजपा माधुरी दीक्षित को मुम्बई उत्तर की सीट से चुनाव लड़ा सकती है।

माधुरी के अलावा जो दूसरा नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वह कंगना रनौत का है। वे वैचारिक मामलों में भाजपा की लाइन पर बयान देती रहती हैं। इस साल संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पास कराने मौके पर वे संसद परिसर पहुंची थीं और मीडिया ने उनका इंटरव्यू किया था। कहा जा रहा है कि वे हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पर कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह को चुनौती दे सकती हैं। उनको किसी शहरी या महानगरीय सीट से भी लड़ाने की चर्चा है। इनके अलावा कुछ और फिल्मी हस्तियों को पार्टी टिकट दे सकती है।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें