फिल्म स्टार धर्मेंद्र के परिवार का कोई न कोई सदस्य पिछले काफी समय से सांसद रहता आया है। एक समय ऐसा था, जब धर्मेंद्र और उनकी पत्नी हेमामालिनी दोनों एक साथ ही सांसद थे। धर्मेंद्र 2004 में भाजपा की टिकट पर राजस्थान की बीकानेर सीट से चुनाव लड़े थे और जीते थे। लेकिन सांसद बनने के बाद वे शायद ही कभी अपने क्षेत्र में गए। फिर दूसरी बार वे चुनाव नहीं लड़े। उस समय हेमामालिनी राज्यसभा सदस्य थीं। बाद में हेमामालिनी ने मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और पिछले दो बार से वे इस सीट से चुनाव जीत रही हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में धर्मेंद्र के बेटे सन्नी देओल पंजाब की गुरदासपुर सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े और जीते थे। लेकिन वे भी अपने पिता की ही तरह चुनाव जीतने के बाद न तो अपने क्षेत्र में जाते हैं और न संसद जाते हैं।
तभी कहा जा रहा है कि सन्नी देओल इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। बताया जा रहा है कि वे उन्होंने भाजपा नेतृत्व को इसकी जानकारी दे दी है कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। ध्यान रहे गुरदासपुर से पहले फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना भाजपा की टिकट से जीतते थे। वहां के लिए फिर भाजपा किसी अभिनेता को तलाशेगी। इस बीच यह भी खबर है कि हेमामालिनी को भाजपा मथुरा लोकसभा सीट से टिकट नहीं देगी। उनकी उम्र 74 साल हो गई है और भाजपा की 75 साल की अघोषित उम्र सीमा की वजह से वे चुनाव नहीं लड़ पाएंगी। यह भी माना जा रहा है कि इस बार उनकी स्थिति कमजोर है। इसलिए भी भाजपा उम्मीदवार बदलना चाह रही है। अगर राष्ट्रीय लोकदल के साथ तालमेल हो जाता है तो जयंत चौधरी या उनकी पत्नी के इस सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


