उत्तर प्रदेश में महान दल का एक सर्किल पूरा हो गया है। कांग्रेस के साथ रहने और बहुजन समाज पार्टी के साथ मिल कर उसका राज लाने की कोशिश करने के बाद केशव देव मौर्य की पार्टी महान दल अब समाजवादी पार्टी के साथ है। उत्तर प्रदेश में जहां जहां बसपा का समर्थन करने वाले नारे लिखे गए थे अब उनको बदला जा रहा है। महान दल ने पहले बसपा का राज लाने का संकल्प किया था। अब उस नारे में बसपा का ब मिटा कर सपा किया जा रहा है और सपा का राज लाने का संकल्प जाहिर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ महान दल के तालमेल की बात बन गई है।
गौरतलब है कि केशव देव मौर्य की पार्टी का पूरे राज्य में ज्यादा आधार नहीं है। लेकिन रूहेलखंड इलाके में उनका निजी असर है। वे मौर्य, शाक्य, सैनी, कम्बोज आदि पिछड़ी जातियों की राजनीति करते हैं। उनके समाजवादी पार्टी के साथ जाने से उम्मीद की जा रही है कि सपा के साथ गैर यादव वोट जोड़ने में मदद मिलेगी। ध्यान रहे अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से इसका प्रयास कर रहे हैं। इसी प्रयास के तहत उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राजभर समुदाय को आकर्षित करने के लिए सुहेलदेव महाराज की मूर्ति लगाने का ऐलान किया है। असल में अखिलेश यादव भाजपा के साथ जा रहे गैर यादव पिछड़े मतदाताओं में से कुछ जातियों को अपनी ओर करने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी तक उनको ज्यादा कामयाबी नहीं मिल पाई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


