कांग्रेस के नेता और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने चन्नापटना सीट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के सीपी योगेश्वर इसलिए जीते क्योंकि उनको कांग्रेस के साथ साथ भाजपा और जेडीएस के कार्यकर्ताओं ने भी मदद की। यह भाजपा और जेडीएस में झगड़ा शुरू कराने और उनके बीच दूरी बढ़ाने वाला बयान है। हालांकि अभी तुरंत भाजपा और जेडीएस ने इस बयान पर लड़ना शुरू नहीं किया है। दोनों ने इसके पीछे की मंशा को समझ कर इसे खारिज कर दिया है। लेकिन आने वाले दिनों में इस पर निश्चित रूप से विवाद होगा।
इसका कारण यह है कि चन्नापटना सीट केंद्रीय मंत्री और जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी की थी। उनके सांसद बनने से यह सीट खाली हुई थी और उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी को वहां से लड़ाया गया था। उस सीट पर कांग्रेस का जीतना इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इस सीट पर सिर्फ 15 हजार वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर रही भाजपा को 80 हजार और चुनाव जीते एचडी कुमारस्वामी को 96 हजार वोट मिले थे। इस बार दोनों पार्टियां साथ थीं। फिर भी निखिल कुमारस्वामी को 87 हजार वोट मिले तो दूसरी ओर कांग्रेस को एक लाख 12 हजार वोट मिले। यानी भाजपा और जेडीएस के करीब एक लाख वोट उधर शिफ्ट हो गए। कांग्रेस ने इस सीट पर पिछली बार भाजपा से लड़े सीपी योगेश्वर को लड़ाया था। तभी शिवकुमार ने कहा कि उनको भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला। आने वाले दिनों में इस पर निश्चित विवाद होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

