अबकी बार पता नहीं कैसी सरकार होगी लेकिन अभी जो सरकार है उसे सेवा विस्तार वाली सरकार कह सकती हैं। नरेंद्र मोदी की मौजूदा सरकार पता नहीं क्यों नई नियुक्तियों से बेतरह घबरा रही है। ज्यादातर महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति करके सरकार चुप बैठ जाती है। उसके बाद अधिकारियों को एक के बाद एक सेवा विस्तार मिलता रहता है। पिछले ईडी प्रमुख को तो सरकार ने इतना सेवा विस्तार दिया कि सुप्रीम कोर्ट को आदेश देकर उनको पद से हटाना पड़ा। देश के कैबिनेट सचिव से लेकर गृह सचिव तक सब सेवा विस्तार पर चल रहे हैं। अब पिछले तीन दिन में केंद्र सरकार ने एक के बाद एक तीन अहम अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया है।
केंद्र सरकार ने पहले थल सेना प्रमुख को सेवा विस्तार दिया, जो बहुत असामान्य बात है। आखिरी बार करीब 50 साल पहले इमरजेंसी के समय इंदिरा गांधी ने थल सेना प्रमुख को सेवा विस्तार दिया था। अब नरेंद्र मोदी सरकार ने थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार दिया है। इस पर विवाद चल रहा था कि अगले दिन केंद्र सरकार ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन यानी डीआरडीओ के प्रमुख डॉ. समीर वी कामथ को एक साल का सेवा विस्तार दे दिया। इसके अगले दिन केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव नरेश कुमार को तीन महीने का सेवा विस्तार दिया। गौरतलब है कि दिल्ली की चुनी हुई सरकार के साथ उप राज्यपाल के साथ चल रहे टकराव में नरेश कुमार एक अहम हिस्सा हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


