राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कांग्रेस नेता का कमाल का सुझाव

अगर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक से एक नेता चुन कर अहम जगहों पर बैठाए हैं तो कांग्रेस भी पीछे नहीं है। कांग्रेस आलाकमान के पसंदीदा नेताओं में से एक छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सुझाव दिया है कि भाजपा को छत्तीसगढ़ से उप राष्ट्रपति बनाना चाहिए। उन्होंने आगे बढ़ कर रमेश बैस का नाम भी सुझाया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख दी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने लिखा है कि रमेश बैस पुराने नेता हैं, सांसद और मंत्री रहे हैं और कई राज्यों में राज्यपाल रहे हैं तो उनको उप राष्ट्रपति बनाना चाहिए। उनके इस सुझाव पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आभार भी जताया है।

अब सवाल है कि किसी भी राज्य का कांग्रेस अध्यक्ष भाजपा को क्यों सुझाव देगा कि किसको उप राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाना चाहिए, जबकि खुद कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियां उप राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं? दीपक बैज इसे बड़ा दांव समझ रहे हैं। उनको लग रहा है कि भाजपा उनकी बात नहीं मानेगी तो वे इसे मुद्दा बना देंगे कि रमेश बैस को उप राष्ट्रपति नहीं बनाया और इससे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को फायदा होगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं होता है। उलटे उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को असहज कर दिया। अब उनसे पूछा जा रहा है कि यह अपील वे अपनी पार्टी से क्यों नहीं कर रहे हैं कि कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियां छत्तीसगढ़ से किसी को उप राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाएं? यह भी पूछा जा रहा है कि अगर भाजपा ने छत्तीसगढ़ का उम्मीदवार बना दिया तो क्या वे अपनी पार्टी के नेताओं से अपील करेंगे कि कांग्रेस उस उम्मीदवार को वोट करे? आमतौर पर राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के चुनाव में क्षेत्रीयता का मामला चलता है लेकिन वह फैसला पार्टी के सुप्रीम लीडर करते हैं।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 2 =