बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में मुफ्त की कई चीजों की घोषणा होनी है और उससे पहले सरकार ने कई समूहों की पेंशन में बढ़ोतरी कर दी है। नीतीश कुमार की सरकार ने ऐलान का है कि वृद्धों, दिव्यांगजनों और विधवाओं को मिलने वाली चार सौ रुपए की पेंशन बढ़ा कर 11 सौ रुपए की जा रही है। यानी सीधे तीन गुना कर दिया गया है और बढ़ी हुई पेंशन अगले महीने यानी जुलाई से मिलने लगी है। सरकार ने तय किया है कि हर महीने की 10 तारीख को पेंशन की रकम उनके खाते में आने लगेगी। जनसुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने वृद्धों, दिव्यांगजनों और विधवाओं को दो हजार रुपए महीना देने का ऐलान किया था। उससे पहले राज्य सरकार ने 11 सौ रुपए देने का ऐलान कर दिया। इसका लाभ एक करोड़ नौ लाख से कुछ ज्यादा लोगों को मिलेगा।
बताया जा रहा है कि जल्दी ही महिला सम्मान योजना की घोषणा हो सकती है। महिलाओं को भी 11 सौ से डेढ़ हजार रुपए तक महीना देने की योजना की तैयारी है। आमतौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ऐसी घोषणा से बचते हैं। वे मुफ्त की चीजें बांटने में बाकी मुख्यमंत्रियों या दूसरी पार्टियों के नेताओं के मुकाबले कंजूस हैं। लेकिन कहा जा रहा है कि झारखंड में हेमंत सोरेन की मइया सम्मान योजना की वजह से चुनाव हारने के बाद से भाजपा इस मामले में कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। गौरतलब है कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल ने महिलाओं को ढाई हजार रुपए महीना देने का वादा किया है। तभी भाजपा ने दबाव डाल कर पेंशन बढ़वाई है और आगे महिलाओं की योजना भी शुरू होगी।