पंजाब में भगवंत सिंह मान को मुख्यमंत्री बने अभी डेढ़ साल से कुछ ज्यादा हुए हैं और अभी तक वे पांच बार अपनी सरकार में फेरबदल कर चुके हैं। पांचवी बार फेरबदल उन्होंने मंगलवार को किया, जब उन्होंने अपनी सरकार के मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर से दो विभाग ले लिए। उनके पास पहले खान व भूतत्व मंत्रालय के साथ साथ खेल व युवा मामले और विज्ञान व प्रौद्योगिकी का मंत्रालय था। मुख्यमंत्री मान न उनसे खान व भूतत्व का विभाग लेकर दूसरे मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा को दे दिया, जिनके पास पहले से छह मंत्रालय थे। इस तरह जौड़ामाजरा के पास अब सात मंत्रालय हो गए। विज्ञान व प्रौद्योगिक विभाग मुख्यमंत्री ने खुद ले लिया। अब उनके पास 11 विभाग हैं। गुरमीत सिंह मीत हेयर के पास अब सिर्फ एक मंत्रालय बचा है। सवाल है कि जब उनको किसी बात की सजा दी जा रही है तो उनको मंत्री बनाए रखने का भी क्या मतलब है?
बहरहाल, इससे कुछ दिन पहले मार्च में जब मान सरकार के एक साल पूरे हुए थे तब मुख्यमंत्री ने बड़ी फेरबदल की थी और पांच मंत्रियों के विभाग बदले थे। तब भी गुरमीत सिंह मीत हेयर और चेतन सिंह जौड़ामाजरा के विभागों में बदलाव किया गया था। तब जौड़ामाजरा को सूचना व जनसंपर्क का विभाग भी दिया गया था। मुख्यमंत्री ने अमन अरोड़ा, लालजीत सिंह भुल्लर और अनमोल गगन के विभागों में भी बदलाव किया था। उससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से हटाया था। कुल मिला कर अब तक पांच बार फेरबदल की जा चुकी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


