पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल के गठबंधन और औपचारिक रूप से चुनाव प्रचार की शुरुआत से पहले सब कुछ केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के हवाले कर दिया गया है। राज्य में ईडी ने गजब किया हुआ है। ऐसा लग रहा है कि उसने सारी ताकत वही झोंक दी है। आम आदमी पार्टी के अनेक विधायकों और सांसदों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है तो बड़ी संख्या में अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू हो गई है। कहीं से खोज खोज कर मामले निकाले जा रहे हैं। अगर अरविंद केजरीवाल के नेताओं की बात करें तो राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू के खिलाफ ईडी ने कार्रवाई की है और उनको नोटिस देकर बुलाया है।
ध्यान रहे इससे पहले ईडी ने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के कई परिसरों पर छापा मारा था और कार्रवाई शुरू की थी। लेकिन उसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। उसके बाद से कार्रवाई स्थगित है। अब सतनाम सिंह संधू निशाने पर हैं। आप के चार विधायक पहले से ईडी की कार्रवाई झेल रहे हैं, जिनमें एक संजीव अरोड़ा तो राज्य सरकार में मंत्री भी हैं। उनके अलावा अमनदीप कौर अरोड़ा, कुलवंत सिंह और जसवंत सिंह पर कार्रवाई हो रही है। इस बीच पूर्व पुलिस अधिकारी भुल्लर की आत्महत्या के मामले में अब ईडी सक्रिय हो गई है। उसने सात वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है। माना जा रहा है कि चुनाव होने तक इस तरह की कार्रवाई चलती रहेगी। यह भी कहा जा रहा है कि केजरीवाल औऱ मनीष सिसोदिया पर भी पुराने मामलों में शिकंजा कस सकता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



