उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की जो वार्ता कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में 17 नवंबर को होने वाली थी वह अब 23 नवंबर को होगी। उस बैठक से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे क घर पर एक बैठक हुई थी, जिसमें प्रदेश कांग्रेस से जुड़े सारे नेता थे और राहुल गांधी भी थे। उसके बाद ही लखनऊ में होने वाली बैठक टली। अब वह बैठक होने जा रही है। उससे पहले यह बड़ा सवाल है कि दोनों पार्टियों के बीच सहमति कैसे बनेगी? यह सवाल इसलिए है क्योंकि कांग्रेस पार्टी की मांग और समाजवादी पार्टी की ओर से दिए जा रहे प्रस्ताव के बीच इतना बड़ा अंतर है कि उसे आसानी से नहीं पाटा जा सकता है। इसलिए संशय पैदा हो गया है। लेकिन यह भी बड़ा सवाल है कि क्या सपा इस समय कांग्रेस को छोड़ने का रिस्क ले सकती है और क्या कांग्रेस अलग होकर लड़ने की जोखिम लेगी? दोनों ही स्थितियों में ‘इंडिया’ ब्लॉक को नुकसान होगा। इसलिए सोच समझ कर फैसला करना है।
असल में कांग्रेस पार्टी ने 181 सीटों की मांग करके मामला उलझाया है। सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद कहा कि कांग्रेस 181 सीट चाहती है। इसका अर्थ है कि वह 403 में से 40 फीसदी से ज्यादा सीटें लड़ना चाहती है। दूसरी ओर खबर है कि सपा की ओर से कांग्रेस को 39 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। जानकार सूत्रों का कहना है कि 181 की जगह जब 39 सीटों का प्रस्ताव आया तो कांग्रेस ने अपनी मांग में संशोधन किया और कहा कि वह 140 से कम सीट किसी कीमत पर नहीं लड़ेगी। कहा जा रहा है कि मांग में 10 फीसदी की कटौती के बाद सपा ने 54 सीट का एक दूसरा प्रस्ताव दिया है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि सपा की ओर से अंतिम ऑफर 80 सीट का होगा।
बताया जा रहा है कि सपा ने 39 सीट का जो प्रस्ताव दिया वह 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के आधार पर है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ी थी, जिसमें से छह पर जीती। उसे कुल 39 विधानसभा सीटों में बढ़त मिली थी। सपा ने कांग्रेस को याद दिलाया है कि 2022 में जब कांग्रेस अकेले 399 सीटों पर लड़ी थी तब उसे सिर्फ दो सीट और 2.33 फीसदी वोट मिले थे। इतना ही नहीं 387 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई थी। यह भी बताया गया है कि 50 से ज्यादा सीटें तो ऐसी थीं, जिन पर असुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएम को कांग्रेस से ज्यादा वोट मिले थे। हालांकि इस तमाम पोजिशनिंग के बावजूद सपा को पता है कि इस बार ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी तालमेल करके लड़ रहे हैं और अगर कांग्रेस को अकेले छोड़ दिया तो नजदीकी मुकाबले वाली सारी सीटें सपा हार जाएगी। ध्यान रहे 2024 के लोकसभा चुनाव में भारी भरकम जीत का बावजूद सपा का वोट भाजपा से कम था। भाजपा को 43.69 और सपा को 43.52 फीसदी वोट मिले थे। इसलिए उसे कांग्रेस को साथ रखना है लेकिन एक सौ से कम सीटें देनी हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



