दक्षिण भारत में कांग्रेस पार्टी के हमेशा अच्छे नेता रहे हैं। सिद्धारमैया भले जनता दल से आए हैं लेकिन उनके अलावा भी कांग्रेस के पास अच्छे नेता होते थे। डीके शिवकुमार इसकी मिसाल हैं। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर रेड्डी बहुत बड़े नेता था। उन्होंने लगातार दो बार आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई और दो बार केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। हालांकि बाद में उनके बेटे के साथ कांग्रेस ने बहुत बुरा बरताव किया। आज पिछले कई चुनावों से आंध्र प्रदेश में कांग्रेस का खाता नहीं खुल रहा है। अब वह वाईएसआर रेड्डी की बेटी वाईएस शर्मिला के भरोसे राजनीति कर रही है। सो, आंध्र में तो नहीं लेकिन कर्नाटक की तरह तेलंगाना में कांग्रेस को नया क्षत्रप मिल गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कांग्रेस के नए पोस्टर ब्वॉय हैं। राहुल गांधी उनको पसंद कर रहे हैं। वे सामाजिक न्याय के चैंपियन बने है। उनके मॉडल की चर्चा बिहार में हो रही है और विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में तेलंगाना सरकार के पूरे पन्ने के विज्ञापन छप रहे हैं। कहा जा रहा है कि उप राष्ट्रपति पद के लिए बी सुदर्शन रेड्डी को रेवंत रेड्डी लेकर आए। वे रेड्डी समुदाय में अपने को मजबूत कर रहे हैं तो कांग्रेस के साथ साथ समूचे विपक्ष में भी अपनी जगह बना रहे हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस नेतृत्व से कहा है कि वे उप राष्ट्रपति चुनाव में मुकाबला नजदीकी बनवा देंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


