राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सार्वजनिक गणेश उत्सव अब विश्वव्यापी

विगत कुछ वर्षों से चीन सहित कई देशों से कई प्रकार की कृत्रिम मूर्तियों को भारतीय बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे लाखों करोड़ों का व्यापार हो रहा है।  मगर हमारे देशी शिल्पकारों को इससे नुकसान हो रहा है। हमें किसी भी हाल में मिट्टी या गाय की गोबर की बनी मूर्तियों की ही पूजा करनी चाहिए यही शास्त्रीय है बाकी अपूज्य मूर्तियों की पूजा नहीं करनी चाहिए। ये पर्यावरण के लिए भी बहुत नुकसान दायक है और हमारी आस्था के साथ भी खिलवाड़ होता है।

‎त्वमक्षरं परमं वेदितव्यं त्वमस्य विश्वस्य परं निधानम्

‎त्वमव्ययः शाश्वतधर्मगोप्ता सनातनस्त्वं पुरुषो मतो मे (11.18)

‎गीता के इस श्लोक का भावार्थ है कि भगवान श्री कृष्ण कहते हैं कि आप ही जानने योग्य परम अक्षर (अक्षर ब्रह्म) हैं, आप ही इस सम्पूर्ण विश्व के परम आश्रय हैं, आप ही सनातन धर्म के रक्षक हैं और आप ही अविनाशी सनातन पुरुष हैं।

‎शिवपुराण में एक कथा मिलती है कि एक बार माता पार्वती ने स्नान से पूर्व अपने मैल से एक बालक उत्पन्न कर उसे अपना द्वारपाल बना दिया। जब पार्वती जी स्नान करने लगी, तब अचानक भगवान शिव वहां आए, लेकिन द्वारपाल बने बालक ने उन्हें अंदर प्रवेश करने से रोक दिया। उसके बाद शिवगणों से बालक का भयंकर युद्ध हुआ. कोई भी उसे पराजित नहीं कर सका। क्रोधित शिव ने अपने त्रिशूल से बालक का सिर धड़ से अलग कर दिया। जब माता पार्वती को यह पता चला तो क्रोधित हुईं। उन्होंने प्रलय करने का निश्चय किया। देवलोक इससे भयाक्रांत हो उठा। देवताओं ने उनकी स्तुति की। उन्हें शांत किया।

फिर शिव ने निर्देश दिया कि उत्तर दिशा में सबसे पहले जो भी प्राणी मिले, उसका सिर काटकर ले आएं। भगवान विष्णु उत्तर दिशा की ओर गए। उन्हें सबसे पहले एक हाथी दिखाई दिया। वे उसी का सिर काटकर ले आए। शिव ने उसे बालक के धड़ पर रखकर उसे पुनर्जीवित कर दिया। पार्वती उसे पुनःजीवित देख बहुत खुश हुईं। तब समस्त देवताओं ने बालक गणेश को अनेकानेक आशीर्वाद दिए। भगवान शिव ने उन्हें आशीर्वाद दिया कि कोई भी शुभ कार्य यदि गणेश जी की पूजा करके शुरू किया जाएगा, तो वह निर्विघ्न सफल होगा। उन्होंने गणेश को अपने समस्त गणों का अध्यक्ष घोषित करते हुए आशीर्वाद दिया। कहा, विघ्न विनाश करने में गणेश का नाम सर्वोपरि होगा।

‎गणेश नाम की उत्पत्ति पर विचार करें, तो गण का अर्थ है समूह एवं ईश का अर्थ है, स्वामी। भगवान गणेश की पत्नी का नाम रिद्धि और सिद्धि है। रिद्धि और सिद्धि भगवान विश्वकर्मा की पुत्रियां हैं। श्रीगणेश के बीज मंत्र, ‘ॐ गं गणपतये नमः’ का जाप कर अपनी समस्त कामनाओं को पाया जा सकता है। इसके जाप से आर्थिक प्रगति व समृद्धि भी प्राप्त होगी। हर साल की तरह श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश घर घर पधार रहे हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को गणेश जी का जन्म हुआ था। इसी चतुर्थी से आरंभ होकर गणेशोत्सव पूरे दस दिनों तक चलता है।

महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में गणेश चतुर्थी पूरे धूमधाम से मनाई जाती है। पंडाल सजते हैं, गणपति की बड़ी बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। घर बाजार चहुं ओर विशेष रौनक होती है। मंदिरों में लगातार नौ दिनों तक पूजन होता है। दस दिन पश्चात् अनंत चतुर्दशी के दिन पूरे उत्साह के साथ गणेश प्रतिमा को जलस्रोत में विसर्जित किया जाता है।

‎ऐसी मान्यता है कि सार्वजनिक गणेशोत्सव के मिले जुले सामूहिक प्रयास की शुरुआत बीसवीं सदी के आरंभ में पुणे से हुई। गणपति उत्सव की शुरुआत पेशवाओं द्वारा की गई। पुणे के प्रसिद्ध शनिवारवाड़ा नामक राजमहल में भव्य गणेशोत्सव मनाया जाता था। परंतु महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर गणपति उत्सव मनाने की शुरुआत 1893 में हुई। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोकमान्य श्री बाल गंगाधर तिलक द्वारा आजादी की लड़ाई में लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से इसे शुरु किया गया था। पूजा पंडालों में क्रांतिकारी एकत्र होते और आगे की योजना पर काम करते थे। भक्ति रस में सराबोर होकर गणपति की पूजा करते। क्रमशः इसका प्रचलन बढ़ता गया। इसमें लोग भी बढ़ चढ़कर सहयोग और भागीदारी करने लगे। आजादी आते आते यह पूरे महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों में विस्तारित होता गया। आज विदेशों में भी इसकी धूम है। मुंबई से लेकर मैनहटन तक में श्री गणेश पूजा धूम धाम से मनाई जाती है।

‎भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता भी कहा जाता है। एक प्रचलित लोककथा के अनुसार भगवान शिव का एक बार त्रिपुरासुर से भीषण युद्ध हुआ। युद्ध शुरू करने से पहले उन्होंने गणेश को स्मरण नहीं किया, इसलिए वे त्रिपुरासुर से जीत नहीं पा रहे थे। उन्हें जैसे ही इसका अहसास हुआ, उन्होंने गणेश जी को स्मरण किया और उसके बाद आसानी से त्रिपुरासुर का वध करने में सफल हुए।

‎आज जिस भारतीय संस्कृति के उत्सव के रूप में गणपति उत्सव अपना विशेष महत्व रखता है। इसके शुरू होने के परिवेश, उससे साधे जाने वाले बहुआयामी हित और व्यापक स्तर पर परम्परा बन जाने के कारणों को समझना इसलिए भी जरूरी है कि आज कोई भी पर्व त्योहार बाजारवाद की चपेट से बचा नहीं है। बावजूद इसके गणपति उत्सव में पारंपरिक रूप अभी भी शेष है। स्वच्छता, समानता, सौहार्द एवं सहभागिता का संदेश यह उत्सव देता है। खासतौर से जिस देश में धर्म लोगों की जीवन पद्धति हो, वहां धार्मिक विश्वास का विशेष महत्व होता है।

विगत कुछ वर्षों से चीन सहित कई देशों से कई प्रकार की कृत्रिम मूर्तियों को भारतीय बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे लाखों करोड़ों का व्यापार हो रहा है।

मगर हमारे देशी शिल्पकारों को इससे नुकसान हो रहा है। हमें किसी भी हाल में मिट्टी या गाय की गोबर की बनी मूर्तियों की ही पूजा करनी चाहिए यही शास्त्रीय है बाकी अपूज्य मूर्तियों की पूजा नहीं करनी चाहिए। ये पर्यावरण के लिए भी बहुत नुकसान दायक है और हमारी आस्था के साथ भी खिलवाड़ होता है।

‎गणपति उत्सव को मनाने के पीछे जो दर्शन है, वह विश्वव्यापी है। शायद यही कारण है कि इस पर्व के प्रति लोगों में आस्था आज न सिर्फ देश के अन्य भूभागों में, बल्कि विदेशों में भी देखी जा रही है। (लेखक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कार्यकारी निर्देशक रहे हैं एवं सामाजिक सांस्कृतिक विषयों के विचारक हैं।)

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *