क्या भारतीय जनता पार्टी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कोई जिम्मेदारी देने जा रही है? क्या उनको राज्यसभा भेजा जा रहा है? ध्यान रहे पिछले कुछ दिनों से उनके नाम की चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि आंध्र प्रदेश में विजय साई रेड्डी के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा की सीट चंद्रबाबू नायडू भाजपा को देने जा रहे हैं और भाजपा वहां से स्मृति ईरानी को उच्च सदन भेज सकती है।
हालांकि एक चर्चा तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के अन्नामलाई को भी राज्यसभा भेजने की है। गौरतलब है कि अगले साल मई में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव हैं। हालांकि इसी वजह से यह भी कहा जा रहा है कि अन्नामलाई को विधानसभा का चुनाव लड़ाया जाएगा तो उनको राज्यसभा भेजने की जरुरत नहीं है।
स्मृति ईरानी को मिल सकती है नई भूमिका
बहरहाल, स्मृति ईरानी को उच्च सदन भेजने, केंद्र में फिर से मंत्री बनाने या संगठन में कोई जिम्मेदारी देने की चर्चा नए सिरे से इसलिए तेज हो गई है क्योंकि सरकार ने उनकी सुरक्षा नहीं हटाई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा का आकलन किया था और उसके बाद 19 पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्रियों की सुरक्षा वापस ले ली गई।
लेकिन स्मृति ईरानी का सुरक्षा कवर छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया। ध्यान रहे स्मृति ईरानी पिछले साल अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल से चुनाव हार गई थीं। उसके बाद से उनकी राजनीतिक गतिविधियां काफी कम हो गई हैं। दिल्ली का होने की वजह से उनको दिल्ली विधानसभा चुनाव में कोई भूमिका दिए जाने की चर्चा थी लेकिन उन्हें दिल्ली में भी कोई भूमिका नहीं मिली।
Also Read: रोहित शर्मा की टेस्ट क्रिकेट का पारी का अंत, गौतम की हिटमैन के लिए गंभीर पोस्ट…
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


