अगले साल के अंत में नवंबर 2026 में उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इसके साथ ही उत्तराखंड की भी एक सीट पर चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश की 10 में से आठ सीटें भाजपा की हैं। एक सीट समाजवादी पार्टी का है और एक सीट बहुजन समाज पार्टी की है। रामजी लाल गौतम बसपा के इकलौते सांसद हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा को सिर्फ एक सीट मिली थी। सो, नवंबर 2026 में बसपा को कोई सीट नहीं मिलेगी और रामजी गौतम रिटायर होंगे। इसके साथ ही बसपा संसद के दोनों सदनों में शून्य पर आ जाएगी। पिछले तीन दशक में संभवतः पहली बार ऐसा होगा कि बसपा का कोई प्रतिनिधि लोकसभा और राज्यसभा में नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश में एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 37 वोट की जरुरत होगी। इस लिहाज से समाजवादी पार्टी को दो सीटों का फायदा हो सकता है। रिटायर हो रहे रामगोपाल यादव फिर से उच्च सदन में जाएंगे और उनके अलावा दो और लोगों को मौका मिलेगा। बसपा की एकमात्र सीट उसके हाथ से चली जाएगी और भाजपा को एक सीट का नुकसान होगा। गौरतलब है कि उसके कई दिग्गज अगले साल रिटायर हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के साथ साथ पार्टी महासचिव अरुण सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और नीरज शेखर इनमें मुख्य हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




