पिछले करीब 30 साल में गुजरात का कोई भी मुख्यमंत्री अमेरिका नहीं गया है। नरेंद्र मोदी के गुजरात का मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पिछले 12 साल में तीन मुख्यमंत्री बने। आनंदी बेन पटेल, विजय रूपानी और भूपेंद्र पटेल लेकिन 12 साल में इनमें से भी कोई अमेरिका नहीं गया। उससे पहले नरेंद्र मोदी 13 साल मुख्यमंत्री रहे थे लेकिन वे अमेरिका नहीं जा पाए थे। असल में 2002 के गुजरात दंगों के बाद अमेरिका ने उनको वीजा देने से इनकार कर दिया था, जिसकी वजह से वे अमेरिका नहीं जा सके थे। उसके बाद पता नहीं किस कारण से बाकी तीनों मुख्यमंत्री भी अमेरिका दौरे पर नहीं गए।
लेकिन अब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अमेरिका के दौरे पर जाने वाले हैं। इससे पहले आखिरी बार केशुभाई पटेल अमेरिका गए थे। गौरतलब है कि अमेरिका में गुजराती समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। उनके बीच मुख्यमंत्री का जाना राजनीतिक रूप से भी फायदेमंद माना जाता है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन के अमेरिका चैप्टर के लिए जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद निवेश आकर्षित करने के लिए वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन की शुरुआत की थी। लेकिन वे कभी इसे लेकर अमेरिका नहीं गए। अब प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी भी कई बार अमेरिका का दौरा कर चुके और उनके मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी निवेश आकर्षित करने के लिए अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



