राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

छठ पर इस बार बिहारियों ने मौका ही नहीं दिया

इस बार छठ के मौके पर ट्रेनों में जानवरों की तरह लदे फदे बिहारियों की न तस्वीरें आईं और न वीडियो आए। बेचारे रेल मंत्री रील्स बनवाते रहे लेकिन ज्यादा फुटेज नहीं मिले। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आनंद विहार रेलवे स्टेशन भी देखने गए और उन्होंने एक वॉर रूम बनवाया था वहां से भी रील बनवा कर डाली वे खुद सारी चीजों का मुआयना कर रहे हैं। लेकिन पिछले दो तीन साल के अनुभवों से सीख लेकर बिहार के लोगों ने अपना बंदोबस्त खुद कर लिया। वे न तो ट्रेन के सरकारी बंदोबस्त के भरोसे रहे और न हवाईजहाज के महंगे टिकट का रोना रोया। उन्होंने आत्मनिर्भरता दिखाई और जिसके पास जो सवारी थी उससे बिहार के लिए कूच कर गया।

ध्यान रहे पिछले साल छठ के समय ही विधानसभा के चुनाव हो रहे थे इसलिए विशेष ट्रेनों का बंदोबस्त हो रहा था और बसें भी चलवाई जा रही थीं। लेकिन तब भी लोगों को राहत नहीं मिली थी। हवाईजहाज में औसत किराया 20 हजार रुपए का हो गया था। इस बार रिकॉर्ड संख्या में बिहार अपने गांव पहुंचे। एक अनुमान के मुताबिक करीब 50 लाख लोग बिहार लौटे थे। इनमें से ज्यादातर ने अपनी सवारी से सफर किया। दिल्ली, बेंगलुरू, मुंबई, सूरत जैसे शहरों से लोग अपनी गाड़ी से बिहार पहुंचे। यहां तक कि ऑटो रिक्शा और बाइक से बड़ी संख्या में लोग तीन दिन, चार दिन का सफर करके गांव पहुंच गए। उन्होंने ट्रेनों की दुर्दशा और हवाईजहाज के महंगे किराए का हिसाब लगाया और उससे बहुत कम पैसे में व ज्यादा सुविधा के साथ अपनी सवारी से बिहार पहुंच गए। जो परिवार के साथ गए वो परिवार के साथ गए और जो अकेले थे उन्होंने साझा कर लिया। तभी न ट्रेनों के बंदोबस्त का हल्ला हुआ और न महंगे हवाई किराए की चर्चा हुई।

Tags :

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment