राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

विलय नहीं हुआ तो पवार की पार्टी का क्या होगा?

शरद पवार की एनसीपी के सुनेत्रा पवार की एनसीपी में विलय की बात थम गई है। दोनों तरफ से इस पर विराम लगाने की बात सामने आई है। सुनेत्रा पवार ने पहले तो संकेत दिया था कि विलय की बात हो रही है और उचित समय पर सब सामने आ जाएगा। लेकिन अब उन्होंने कह दिया है कि अजित पवार के निधन के साथ ही विलय की वार्ता समाप्त हो गई। इतना ही नहीं सुनेत्रा पवार ने यह भी साफ कर दिया है कि इस मामले में फैसला करने के लिए उनको किसी की मंजूरी की जरुरत नहीं है। यहां तक कि पार्टी के विधायकों से राय मशविरा करने की संभावना को भी उन्होंने खारिज कर दिया। उन्होंने कह दिया कि किसी भी विधायक से राय लेने की जरुरत नहीं है। इसका अर्थ है कि वे अपने को अजित पवार की ही तरह पार्टी का सुप्रीमो मान रही हैं और यह समझ रही हैं कि उनका फैसला अंतिम होगा। उनके इस आत्मविश्वास के पीछे मराठा राजनीति के साथ साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के समर्थन का भी हाथ है। हाल ही में फड़नवीस ने अध्यादेश के जरिए कानून बनवा कर चार हजार करोड़ रुपए की सहकारी डेयरी गोकुल डेयरी का चुनाव सुनेत्रा पवार की पार्टी के राजेश पाटिल को जितवाया है।

बहरहाल, अब बड़ा सवाल यह है कि अगर विलय नहीं होता है तो शरद पवार की पार्टी का क्या होगा? गौरतलब है कि शरद पवार की एनसीपी के आठ लोकसभा सांसद हैं। बताया जा रहा है कि उनमें से ज्यादातर सांसद पाला बदल कर भाजपा के साथ जाने को तैयार हैं। कम से कम छह सांसदों के भाजपा के संपर्क में होने की खबर है। शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले को इसकी जानकारी है। यह भी कहा जा रहा है कि जब उद्धव ठाकरे की पार्टी के सात में से छह सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी में गए तब भी शरद पवार की पार्टी पर खतरा था। लेकिन खुद भाजपा के बड़े नेताओं ने इसे रोक दिया। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं चाहते हैं कि उम्र के ऐसे पड़ाव पर और इतनी खराब सेहत के बीच शरद पवार को अपनी पार्टी का एक और विभाजन देखना पड़े। लेकिन यह सद्भाव ज्यादा समय नहीं रह सकता है।

तभी कहा जा रहा है कि शरद पवार और सुप्रिया सुले ने बिना विलय के भी एनडीए का साथ देने की रणनीति बनाई है। इस रणनीति के तहत ही पिछले दिनों सुप्रिया सुले ने परिसीमन को लेकर सरकार के समर्थन में बयान दिया। उन्होंने 2007 में यूपीए के शासन काल में हुए परिसीमन की याद दिलाई और कहा कि उसके बाद से लोकसभा और विधानसभा सीटों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि जमीनी हालात काफी बदल गए हैं। उन्होंने अपनी बारामती सीट का भी हवाला दिया और कहा कि 2009 के चुनाव के बाद से आबादी बहुत बढ़ गई है। इस आधार पर उन्होंने परिसीमन का समर्थन किया है। लेकिन जैसे ही सुप्रिया सुले ने सरकार के समर्थन में बयान दिया और यूपीए के परिसीमन से तुलना की वैसे ही कांग्रेस के नेता भड़क गए। कांग्रेस के बड़े नेता विजय वडेट्टीवार ने उन्हें आगाह करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की योजना की तुलना यूपीए सरकार के समय हुए परिसीमन से नहीं करनी चाहिए। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस के नेता भी मानने लगे हैं कि शरद पवार की एनसीपी का विलय हो या नहीं हो वह एनडीए के साथ जा सकती है। खुद शरद पवार की पार्टी के बड़े नेता जितेंद्र अव्हाड की बेटी नताशा ने भी परिसीमन पर सरकार का साथ देने की खबरों को लेकर सुप्रिया सुले की आलोचना की है।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment