केंद्रीय गृह सचिव के पद से रिटायर हुए अजय कुमार भल्ला का इंतजार लंबा होता जा रहा है। खबर आई थी कि उनके रिटायरमेंट की पार्टी में खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि वे थोड़े दिन तक छुट्टी एन्जवॉय करें उसके बाद उनको बड़ी जिम्मेदारी संभालनी है। लेकिन बड़ी जिम्मेदारी अभी दिख नहीं रही है। इस बीच देश के नियंत्रक व महालेखापरीक्षक गिरीश मुर्मू नवंबर में रिटायर होने वाले हैं। उनके बाद दिसंबर में रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास रिटायर होंगे।
शक्तिकांत दास 2018 में आरबीआई के गवर्नर बने थे और उनको तीन तीन साल का दो कार्यकाल मिला। अब नया कार्यकाल मिलने की संभावना नहीं है। इसी तरह कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी रिटायर होकर बैठे हैं। सवाल है कि इन सब लोगों को सरकार क्या देगी? कोई जिम्मेदारी मिलेगी या नहीं? दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से रिटायर हुए राकेश अस्थाना हों या नीति आयोग से रिटायर हुए अमिताभ कांत हों, रिटायर होने के बाद कम ही लोगों को कुछ हासिल हो पाता है। सो, भल्ला, गौबा, मुर्मू और दास का क्या होता है यह आगे देखने वाली बात होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: UNI


