Thursday

01-05-2025 Vol 19

पुनर्वास के इंतजार में भाजपा के नेता

925 Views

भारतीय जनता पार्टी के कई नेता पुनर्वास के इंतजार में हैं। कोई डेढ़ साल पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए गए नेता दोबारा सरकार में तो नहीं आ पाएंगे लेकिन उनको लग रहा है कि संगठन में कोई भूमिका मिल सकती है। इसी तरह दूसरी पार्टियों से आए कुछ नेता जिम्मेदारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं तो पिछले साल राज्यसभा नहीं जा सके और इस तरह सरकार से बाहर हुए नेता भी इंतजार कर रहे हैं। यहां तक नरेंद्र मोदी की सरकार में संभावित फेरबदल की जद में आने की आशंका में ही कई नेता अभी से इस इंतजाम में लग गए हैं कि अगर सरकार से हटते हैं तो संगठन में कोई जिम्मेदारी मिल जाए।

बताया जा रहा है कि 16 और 17 जनवरी को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद इस बारे में कुछ घोषणा हो सकती है। हालांकि जानकार सूत्रों का कहना है कि सरकार और पार्टी में किनारे लगाए गए नेताओं को शायद ही कोई बड़ी जिम्मेदारी मिले। उन्होंने कोई छोटा मोटा काम मिल सकता है लेकिन बड़ी जिम्मेदारी के लिए नए नेता तैयार किए जा रहे हैं। पिछले साल मुख्तार अब्बास नकवी का राज्यसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा था तो किसी को अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह से किनारे होंगे। उनको कहीं से भी राज्यसभा नहीं मिली और वे सरकार से बाहर हो गए। फिर न संगठन में कोई जगह मिली और न राज्यपाल बनाए गए। भाजपा के सबसे चर्चित मुस्लिम नेता सैयद शाहनवाज हुसैन भी बिहार में तालमेल टूटने के बाद सरकार से बाहर हो गए हैं। वे केंद्रीय चुनाव समिति से भी बाहर हैं।

बिहार के दो और नेता, जो एक जमाने में भाजपा की राजनीति और मीडिया दोनों में बहुत खास जगह रखते थे, अभी हाशिए पर हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी का नाम जरूर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की सूची में है लेकिन उनको लंबे समय से प्रेस कांफ्रेंस करते या पार्टी की तरह से बयान देते नहीं देखा गया है। इसी तरह पिछली फेरबदल में हटाए गए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी नई जिम्मेदारी के इंतजार में हैं। उन्होंने हालांकि पिछले दिनों दो-चार प्रेस कांफ्रेंस की लेकिन उनको कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं मिली है।

ज्यादा समय नहीं बीता, जब डॉक्टर हर्षवर्धन दिल्ली में भाजपा की राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा थे। पार्टी ने 2013 का चुनाव उनके चेहरे पर लड़ा था और 32 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। उनको भी पिछली फेरबदल में सरकार हटा दिया गया था। दिल्ली में इतनी राजनीति हो रही है लेकिन पार्टी सांसद होने के बावजूद उनके पास कोई जिम्मेदारी नहीं है। ऐसे ही भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर भी अपने लिए नई भूमिका तलाश रहे हैं, जो मिल नहीं रही है। कर्नाटक के अनंत हेगड़े, उत्तर प्रदेश के महेश शर्मा, उत्तराखंड के रमेश पोखरियाल निशंक, राजस्थान के राज्यवर्धन सिंह राठौड़, झारखंड के जयंत सिन्हा जैसे कई नेता हैं, जो राजनीतिक पुनर्वास के इंतजार में हैं।

NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *