राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पांच राज्यपाल पूर्वी उत्तर प्रदेश से

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 राज्यों में नए राज्यपाल बनाए हैं। कुछ नए राज्यपालों की नियुक्ति हुई है तो कुछ राज्यपालों का तबादला हुआ है। अब एकाध केंद्र शासित प्रदेशों को छोड़ कर हर जगह राज्यपाल नियुक्त हो गए हैं। सो, अब जो नई सूची है उसके मुताबिक राज्यपालों में पूर्वी उत्तर प्रदेश का दबदबा है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से से कुल पांच राज्यपाल या उप राज्यपाल नियुक्त हुए हैं। यह एक बड़े असंतुलन का संकेत है। कई राज्यों से कोई राज्यपाल नहीं है तो कई बड़े राज्य से एक या दो राज्यपाल हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के एक हिस्से से पांच राज्यपाल देश के अलग अलग राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में हैं।

नए राज्यपालों में दो नाम उत्तर प्रदेश से हैं और दोनों पूर्वी उत्तर प्रदेश से हैं। गोरखपुर के रहने वाले भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। उनके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी के लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। इनसे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के तीन लोग पहले से राज्यपाल या उप राज्यपाल हैं। मनोज सिन्हा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता रहे कलराज मिश्र राजस्थान के राज्यपाल हैं। मनोज सिन्हा और कलराज मिश्र दोनों गाजीपुर के रहने वाले हैं। आजमगढ़ के रहने वाले फागू चौहान अभी बिहार के राज्यपाल थे उनको वहां से हटा कर मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। ध्यान रहे पूर्वी उत्तर प्रदेश हमेशा भाजपा के लिए चुनौती वाला क्षेत्र रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूर्वी उत्तर प्रदेश से ही आते हैं। अगले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख कर ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के नेताओं को खास महत्व दिया जा रहा है।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 5 =