नई दिल्ली। भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने एक और इतिहास बना दिया। सबसे अधिक उम्र में डबल्स की रैकिंग में नंबर वन होने के बाद वे ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले सर्वाधिक उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। रोहन बोपन्ना ने अपने ऑस्ट्रेलियन साथी मैथ्यू एबडेन के साथ मिल कर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 के मेंस डबल्स का खिताब जीत लिया है। रोहन बोपन्ना-मैथ्यू एबडेन की जोड़ी ने इटली के सिमोन बोलेली और एंड्रिया वावसोरी की जोड़ी को 7-6, 7-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया है।
बोपन्ना 43 साल की उम्र में पुरुष टेनिस में ग्रैंडस्लैम चैम्पियन बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने जीन जूलियन रोजर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में मार्सेलो अरेवोला के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन मेंस डबल्स की ट्रॉफी जीती थी। बोपन्ना ने अपने करियर के अंतिम पड़ाव में पहली बार मेंस डबल्स का खिताब जीता है। रोहन बोपन्ना हाल ही में मेंस डबल्स की रैंकिंग में नंबर-एक पायदान पर पहुंचे हैं। इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार के लिए भी चुना गया।
रोहन बोपन्ना 43 साल और 329 दिन की उम्र में चैंपियन बने हैं। दूसरी ओर एबडेन का यह दूसरा मेंस डबल्स खिताब है। उन्होंने इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई मैक्स परसेल के साथ 2022 में विंबलडन जीता था। रोहन बोपन्ना ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले लिएंडर पेस और महेश भूपति ही भारत के लिए पुरुष टेनिस में मेजर खिताब जीत पाए हैं, जबकि सानिया मिर्जा ने महिला टेनिस में यह उपलब्धि हासिल की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



