नई दिल्ली। पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल असीम मुनीर की बातों का भारत ने जवाब दिया है। भारत ने गुरुवार को दो टूक अंदाज में कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। भारत ने कहा कि इस पर पाकिस्तान का अवैध रूप से कब्जा है और पाकिस्तान को हर हाल में इसे खाली करना पड़ेगा। पाकिस्तानी सेना प्रमुख के हिंदू और मुस्लिम के दो राष्ट्र बताने वाले बयान पर भारत ने प्रतिक्रिया दी।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तानी सेना के प्रमुख के कश्मीर और दो राष्ट्र के सिद्धांत वाले बयान पर यह प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उनके दो राष्ट्र के सिद्धांत वाले बयान पर जायसवाल ने कहा कि यह सिद्धांत 1971 में बांग्लादेश की आजादी के बाद ही खारिज हो चुका था।
गौरतलब है कि जनरल मुनीर ने बुधवार को कश्मीर को पाकिस्तान के गले की नस बताया था। इसके जवाब में भारत ने कहा कि पीओके भारत का है और पाकिस्तान को उसे खाली करना होगा।
जनरल मुनीर का भारत को लेकर बयान, दो राष्ट्र सिद्धांत
जनरल असीम मुनीर ने कहा यह भी कहा था कि पाकिस्तान की नींव कलमे यानी इस्लाम धर्म का मूल मंत्र पर रखी गई है। वह हर मामले में हिंदुओं से अलग है। उन्होंने कहा था, ‘हमारा धर्म अलग है, हमारे रीति रिवाज अलग हैं। हमारी संस्कृति और सोच अलग है। यही टू नेशन थ्योरी की नींव थी’।
इस्लामाबाद में पहले ओवरसीज पाकिस्तानी सम्मेलन में जनरल मुनीर ने कहा था, ‘पाकिस्तान की कहानी अपने बच्चों को आपको जरूर सुनानी है। हमारे पूर्वजों ने सोचा कि हम हिंदुओं से अलग हैं। हमारी सोच, हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं। इसी वजह से हम दो देश हैं, एक देश नहीं हैं। इस देश के लिए हमारे पूर्वजों ने बलिदान दिया है। हम जानते हैं कि इसकी रक्षा कैसे करनी है’।
Also Read: भाजपा अध्यक्ष चुनाव की हलचल तेज
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



