देश में प्रजनन आयु की आधी से अधिक महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त हैं, जबकि लगभग दो-तिहाई किशोर लड़के-लड़कियां विटामिन बी-12 की कमी के शिकार हैं। ये आंकड़े पोषण संबंधी व्यापक समस्या का प्रमाण हैं।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की ताजा रिपोर्ट के बाद देश में अत्यधिक गरीबी लगभग खत्म होने और लोगों को पर्याप्त पोषण मिलने जैसे दावों पर विराम लग जाना चाहिए। इस रिपोर्ट के मुताबिक देश में प्रजनन आयु (15–49 वर्ष) की आधी से अधिक महिलाएं एनीमिया (खून की कमी) से ग्रस्त हैं, जबकि लगभग दो-तिहाई किशोर लड़के- लड़कियां विटामिन बी-12 की कमी के शिकार हैं। जाहिर है, ये आंकड़े पोषण संबंधी व्यापक समस्या का प्रमाण हैं। यह समस्या सिर्फ आयरन की कमी से कहीं आगे जाती है। इस साल केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएसएच-6) की रिपोर्ट जारी की थी, लेकिन उसमें एनिमिया को शामिल नहीं किया गया था। तब कहा गया कि ये अनुमान रक्त नमूनों पर आधारित आईसीएमआर के स्वतंत्र सर्वेक्षण में लिए जाएंगे।
आईसीएमआर- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन के 2023–25 के सर्वेक्षण में 15–49 वर्ष की गैर-गर्भवती, स्तनपान ना कराने वाली 55.9 फीसदी महिलाओं में एनीमिया पाया गया। एनएफएसएच-5 में इसी आयु वर्ग की महिलाओं में यह आंकड़ा 57 प्रतिशत था। लेकिन इन दोनों आंकड़ों में सीधे तुलना नहीं हो सकती, क्योंकि सर्वेक्षणों में महिलाओं के अलग समूहों को शामिल किया गया और परीक्षण के अलग तरीके अपनाए गए। वैसे भी नतीजे में सिर्फ एक प्रतिशत का फर्क है। यानी दो सर्वेक्षण अवधियों के बीच मामूली प्रगति ही हुई।
जहां तक विटामिन बी-12 की कमी का प्रश्न है, तो यह किशोरों में अधिक व्यापक थी। 65.4 प्रतिशत लड़कियां और 66.1 प्रतिशत लड़के इससे प्रभावित पाए गए। प्रजनन आयु की 57.4 फीसदी महिलाओं और 20–59 वर्ष के 60.4 फीसदी बालिग पुरुषों में भी ये कमी पाई गई। गर्भवती महिलाओं में इसका प्रसार 63.1 प्रतिशत और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में 51.8 प्रतिशत था। बेशक, इन कमियों की वजह कुछ बीमारियां भी होती हैं, लेकिन सामान्यतः ऐसे मामले पोषक आहार की कमी के कारण सामने आते हैं। सवाल है कि वह गरीबी-मुक्ति कैसी होगी, जिसके बावजूद बहुसंख्यक लोगों को पर्याप्त पोषण ना मिलता हो? स्पष्टतः गरीबी और महरूमियत की परिभाषाएं बदले जाने की जरूरत है, ताकि आबादी का असल हाल चर्चा के केंद्र में आ सके।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



