अन्य पूजा स्थलों, बुल्डोजर ‘जस्टिस’ आदि जैसे मामलों में कोर्ट अपनी अवमानना पर गंभीर नहीं हुआ, तो क्या अब वह ऐसा करेगा? और क्या अवमानना में शामिल पक्ष उसकी कार्रवाई को न्याय भावना से प्रेरित मानेंगे?
किसी न्यायिक आदेश के कानून-सम्मत ना होने की शिकायत, उस पर राजनीतिक विरोध, और जानबूझ कर उसकी नाफरमानी करने की प्रवृत्ति एक नए मुकाम पर पहुंची है। तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगाई दीपम प्रज्वलन संबंधी विवाद अब केवल धार्मिक या स्थानीय परंपरा से संबंधित नहीं रह गया है, बल्कि गंभीर संवैधानिक एवं राजनीतिक संकट में बदल गया है। हिंदू समुदाय की तरफ से पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपाथून’ पर दीप जलाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है, जबकि पहाड़ी पर दरगाह और मंदिर- दोनों की मौजूदगी के कारण यह स्थल संवेदनशील माना जाता है।
हिंदू संगठनों का तर्क ऐतिहासिक स्वामित्व और आस्था से जुड़ा है, तो अन्य सामाजिक पक्ष कानून, अपने धार्मिक रीति-रिवाज तथा दरगाह की निकटता का तर्क देकर वहां दीप प्रज्ज्वलन का विरोध करते रहे हैं। इसी पेचीदा पृष्ठभूमि में सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक अंतरिम व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपाथून पर “एक बार” दीप जलाने की अनुमति। साथ ही कोर्ट ने भीड़, जुलूस और आम लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाते हुए अधिकृत समूह के माध्यम से ही अनुष्ठान कराने की शर्त लगा दी। राज्य की टीवीके नेतृत्व वाली सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुनर्विचार याचिका दायर की, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय का आदेश कायम रहा। मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने भी सर्वोच्च अदालत के आदेश के अनुपालन का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश को अल्पसंख्यक पक्ष ने उपासना स्थल अधिनियम 1991 के खिलाफ माना। थलापति विजय की समर्थक ‘धर्मनिरपेक्ष’ पार्टियों ने दीप प्रज्ज्वलन का स्थल ना बदलने के लिए दबाव बनाया। नतीजतन, मंगलवार शाम को दीप पारंपरिक उच्छिपिल्लैयार मंदिर/मंडपम स्थल पर ही जलाया गया। यानी दीपाथून पर प्रज्वलन नहीं हुआ। अर्थात सुप्रीम कोर्ट के आदेश का खुलेआम उल्लंघन हुआ। स्पष्टतः यह अवमानना का मामला बनता है। लेकिन अतीत में कोर्ट ने अन्य पूजा स्थलों, बुल्डोजर ‘जस्टिस’ आदि जैसे मामलों में अपनी अवमानना को गंभीरता से नहीं लिया, तो क्या इस बार वह ऐसा करेगा? और क्या अवमानना में शामिल पक्ष उसकी कार्रवाई को न्याय भावना से प्रेरित मानेंगे?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



